(अपडेट) प्रधानमंत्री मोदी का इंडोनेशिया में भव्य स्वागत, राष्ट्रपति सुबियांतो स्वयं पहुंचे हवाई अड्डे
नई दिल्ली, 06 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपनी यात्रा के पहले चरण में सोमवार को इंडोनेशिया पहुंचे, जहां इंडोनेशिया राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने प्रोटोकॉल तोड़ते हुए स्वयं हवाई अड्डे पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
प्रधानमंत्री मोदी के इंडोनेशिया में भव्य स्वागत में वहां की वायु सेना का सुरक्षा दस्ता भी शामिल था। सुरक्षा दस्ते ने प्रधानमंत्री मोदी के विमान को एस्कॉर्ट किया। राष्ट्रपति के अलावा इंडोनेशिया विदेश मंत्री सुगियोनो, सचिवालय मंत्री प्रासेत्यो हादी और कैबिनेट सचिव टेडी इंद्र विजया सहित चार मंत्री भी उनके स्वागत के लिए वहां मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री मोदी की 6 से 11 जुलाई तक तीन देशों इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की यात्रा पर है। इंडोनेशिया में वह राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे। इसके अलावा वह भारतीय समुदाय से भी मुलाकात करेंगे और योग्याकार्ता में प्रसिद्ध प्रम्बानन मंदिर परिसर का दौरा करेंगे।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर उनके पहुंचने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी राजकीय यात्रा पर जकार्ता पहुंचे हैं। आगमन पर हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति ने उनका विशेष स्वागत किया। इसके अलावा चार मंत्री भी प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए उपस्थित रहे। 2018 में व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर पर संबंधों को उन्नत करने के बाद से इंडोनेशिया की यह प्रधानमंत्री की पहली द्विपक्षीय यात्रा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर कहा, “मैं जकार्ता पहुंच गया हूं। हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने व्यक्तिगत रूप से मेरा स्वागत किया, जिससे मैं अत्यंत भावुक हो गया। 2018 में, हमने अपने दोनों देशों के बीच संबंधों को एक व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाया, जिससे हमारे लोगों को अनेक लाभ प्राप्त हुए हैं। इस यात्रा के दौरान, राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो और मैं विभिन्न क्षेत्रों में इस साझेदारी को और अधिक गति प्रदान करने के उद्देश्य से चर्चा करेंगे। राष्ट्रपति प्रबोवो और मैं योग्याकार्ता में स्थित प्रंबानन मंदिर परिसर का भी दौरा करेंगे। यह यात्रा हमारे दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को और अधिक मजबूत करेगी। इंडोनेशिया में रहते हुए, मैं भारतीय समुदाय के साथ संवाद स्थापित करने के अवसर की भी प्रबल प्रतीक्षा कर रहा हूं।”
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा