प्रधानमंत्री मोदी ने नवसारी में किया ‘नमो कमलम’ कार्यालय का उद्घाटन
नवसारी, 08 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वडोदरा के बाद नवसारी में राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आधुनिक कार्यालय ‘नमो कमलम’ का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर नवसारी सहित दक्षिण गुजरात में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए 1,100 महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में कलश यात्रा के साथ उनका अभिनंदन किया। वहीं करीब 500 पुरुषों ने विशेष डमरू वादन कर माहौल को शिवमय बना दिया। इसके अलावा 30 महिलाओं ने ढोल-ताशों की थाप के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत किया।
40 हजार वर्गफुट में आधुनिक सुविधाओं से लैस ‘नमो कमलम’
नवसारी का नया ‘नमो कमलम’ कार्यालय करीब 40,000 वर्गफुट क्षेत्र में विकसित किया गया है। लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस अत्याधुनिक कार्यालय में विशाल ऑडिटोरियम, एआई आधारित सिस्टम, हाई-स्पीड इंटरनेट कनेक्टिविटी तथा कार्यकर्ताओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त कॉन्फ्रेंस रूम बनाए गए हैं। परिसर में सुरक्षा के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस अधिकारियों द्वारा पूरे परिसर की निगरानी की जा रही है। आगंतुकों के लिए पेयजल सहित आवश्यक सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का जिलेभर में सीधा प्रसारण करने के लिए व्यापक डिजिटल व्यवस्था की गई। नवसारी जिले के सभी 389 गांवों में करीब 4,000 स्क्रीन लगाई गई हैं। इनके माध्यम से 1.15 लाख से अधिक ग्रामीण अपने-अपने गांवों में बैठकर प्रधानमंत्री का कार्यक्रम देख और सुन सकेंगे।
‘नमो कमलम’ परिसर का प्रधानमंत्री ने किया निरीक्षण
उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘नमो कमलम’ परिसर का दौरा कर विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्य कार्यालय, अत्याधुनिक मीडिया सेंटर, डिजिटल कॉल सेंटर और आधुनिक लाइब्रेरी का जायजा लिया। इसके अलावा सांसद एवं विधायकों के लिए बनाए गए विशेष कैबिन का भी निरीक्षण किया। प्रधानमंत्री ने परिसर में पंडित दीनदयाल मीटिंग हॉल, डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी हॉल और अटल सभागार का भी निरीक्षण किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे