मोदी ने जर्मन चांसलर मर्ज से की बातचीत, रणनीतिक साझेदारी और मजबूत करने पर सहमति
नई दिल्ली, 10 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज से टेलीफोन पर बातचीत की। दोनों नेताओं ने भारत-जर्मनी राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। बातचीत में व्यापार एवं निवेश, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, उन्नत प्रौद्योगिकी और प्रतिभाओं की आवाजाही समेत विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बातचीत की जानकारी साझा करते हुए कहा कि भारत और जर्मनी के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 75 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस अवसर पर दोनों देशों ने व्यापार एवं निवेश, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, उन्नत प्रौद्योगिकी और प्रतिभाओं की आवाजाही सहित विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों में रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर सहमति जताई।
मोदी ने कहा कि जर्मनी के साथ भारत की साझेदारी का दायरा लगातार बढ़ रहा है। दोनों देशों के बीच सहयोग को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप आगे बढ़ाने और दोनों देशों के लोगों के हित में नए अवसर तलाशने पर भी बातचीत हुई। प्रधानमंत्री ने जर्मनी को यूरोप के साथ भारत के जुड़ाव का एक महत्वपूर्ण स्तंभ बताते हुए कहा कि वह वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देने में भारत का एक महत्वपूर्ण एवं मूल्यवान साझेदार है।
उन्होंने कहा कि भारत और जर्मनी मिलकर अपनी दूरदर्शी रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने के लिए काम करते रहेंगे। दोनों देशों के बीच बढ़ता सहयोग आपसी समृद्धि के साथ-साथ वैश्विक स्तर पर शांति और स्थिरता को मजबूत करने में भी योगदान देगा।
उल्लेखनीय है कि भारत और जर्मनी ने वर्ष 1951 में राजनयिक संबंध स्थापित किए थे। वर्ष 2026 में दोनों देश अपने राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार