पीएम मोदी ने किया पश्चिमी डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का लोकार्पण

 


वडोदरा, 08 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज गुजरात और मध्य प्रदेश समेत देश के रेल बुनियादी ढांचे को बड़ी मजबूती देने वाली 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। महाराजा सयाजीराव गायकवाड़ विश्वविद्यालय के मैदान में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के तीन अहम सेक्शनों को राष्ट्र को समर्पित किया। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में इस बार युवाओं का जोश देखने लायक रहा। हर तरफ प्ले कार्ड लिए हुए युवा अपनी भाषा में, यानी कि जेन जी की भाषा में मोदी की तारीफ और उनके द्वारा किए गए कार्य की सराहना करते हुए दिखे। प्रधानमंत्री मोदी के भाषणों में भी युवा और युवा से जुड़ी हुई सभी तरह की समस्या और उनके निदान प्रमुख रूप से दिखे।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी कार्यक्रम में डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की उपलब्धियों का उल्लेख किया। अश्विनी वैष्णव ने बताया कि पूर्वी और पश्चिमी डीएफसी का काम पूरा हो चुका है। प्रधानमंत्री इनके आखिरी तीन सेक्शन देश को समर्पित करेंगे। उन्होंने कहा, ‘पूरे देश में स्वर्णिम चतुर्भुज रेलवे कॉरिडोर को फोर-लेन करने का काम चल रहा है। रतलाम-वडोदरा फोर लेन परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई सात प्रमुख रेलवे कॉरिडोर फोर-लेनिंग पहलों में से एक है।’ वैष्णव ने रेल की लेट लतीफी के लिए पिछली सरकारों को घेरा। उन्हीं कहा कि मोदी जी के आने बाद जिस गति से रेलवे का आधुनिकीकरण हुआ है वह अतुलनीय है।

वडोदरा से पश्चिमी डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के पूरे नेटवर्क के चालू होने के साथ दिल्ली-एनसीआर से लेकर गुजरात और महाराष्ट्र के प्रमुख औद्योगिक एवं बंदरगाह क्षेत्रों तक माल परिवहन की व्यवस्था को नई गति मिली है। प्रधानमंत्री ने कहा कि मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर ही विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय