प्रधानमंत्री ने जेनेज जान्शा को स्लोवेनिया का प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी
नई दिल्ली, 28 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यूरोपीय देश स्लोवेनिया के नए प्रधानमंत्री चुने जाने पर जनेज जान्शा को गुरुवार को बधाई दी। प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि उनके कार्यकाल में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध और अधिक मजबूत होंगे।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट में लिखा, “जेनेज जान्शा को स्लोवेनिया के प्रधानमंत्री चुने जाने पर हार्दिक बधाई। मैं अपने लोगों की साझा समृद्धि और पारस्परिक लाभ के लिए अपने द्विपक्षीय संबंधों को और सुदृढ़ करने के लिए उनके साथ मिलकर काम करने को उत्सुक हूं।
हाल ही में हुए चुनाव में 90 सदस्यीय स्लोवेनिया की संसद में जान्शा की पार्टी स्लोवेनियन डेमोक्रेटिक पार्टी (एसडीएस) ने 28 सीटें जीतीं, जबकि फ्रीडम मूवमेंट को 29 सीटें मिलीं। जान्शा की एसडीएस ने कई दलों के साथ मिलकर गठबंधन बनाया है, जिसमें न्यू स्लोवेनिया, डेमोक्रेट्स, स्लोवेनियन पीपुल्स पार्टी और फोकस शामिल हैं। गठबंधन सरकार को कुछ दलों का बाहर से भी समर्थन है।
जान्शा के पक्ष में 51 वोट पड़े, जबकि 36 सांसदों ने विरोध किया। जान्शा चौथी बार है जब स्लोवेनिया के प्रधानमंत्री बने हैं। इससे पहले वे 2004–2008, 2012–2013 और 2020–2022 के बीच भी प्रधानमंत्री रह चुके हैं।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी