टी20 विश्व कप जीतने पर पीएम मोदी और अमित शाह ने टीम इंडिया को दी बधाई
नई दिल्ली, 08 मार्च (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट टीम की शानदार जीत के बाद देशभर में जश्न का माहौल है। भारत ने आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड टीम को 96 रन से हराकर तीसरी बार यह प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया।
इस ऐतिहासिक जीत पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने टीम इंडिया को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप जीतने पर भारतीय टीम को हार्दिक शुभकामनाएं। यह शानदार जीत खिलाड़ियों के असाधारण कौशल, दृढ़ संकल्प और टीम वर्क का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पूरे टूर्नामेंट में टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और इस जीत ने हर भारतीय के दिल को गर्व और खुशी से भर दिया है।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी टीम की सराहना करते हुए कहा कि विश्व चैंपियन टीम इंडिया को सलाम। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और जज्बे ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है और हर भारतीय को गर्व महसूस कराया है।
उल्लेखनीय है कि अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से पराजित किया। इसके साथ ही भारत तीसरी बार टी20 विश्व कप चैंपियन बना। इससे पहले एम.एस. धोनी की कप्तानी में 2007 और रोहित शर्मा की कप्तानी में 2024 में टीम इंडिया यह खिताब जीत चुकी थी। इस बार सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने एक बार फिर विश्व क्रिकेट में अपनी बादशाहत साबित की।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय