ऐतिहासिक सेंगोल के शिल्पकार वुम्मिडी एथिराज का निधन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जताया शोक

 


नई दिल्ली, 21 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ऐतिहासिक सेंगोल के निर्माण में योगदान देने वाले वुम्मिडी एथिराज के निधन पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि एथिराज को पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को भेंट किए गए ऐतिहासिक सेंगोल के निर्माण में उनके योगदान के लिए हमेशा याद किया जाएगा।

प्रधानमंत्री ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक संदेश में कहा कि तमिलनाडु के प्रतिष्ठित परिवार से आने वाले एथिराज का जीवन और शिल्पकला भारत की गौरवशाली परंपराओं तथा देश की यात्रा के बीच एक उल्लेखनीय संबंध को दर्शाते हैं। उन्होंने एथिराज के परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

मोदी ने कहा कि वर्ष 2023 में नई संसद भवन में सेंगोल को प्रमुख स्थान देने के दौरान उन्हें एथिराज से मिलने और देश तथा संस्कृति के लिए उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर मिला था।

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि एथिराज के निधन से उन्हें गहरा दुख हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर