( लीड ) आपके सामने पूरा आसमान है, बड़े सपने देखिए और अपने हुनर से उन्हें साकार कीजिए: प्रधानमंत्री मोदी
-लखनऊ में आयोजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में बोले प्रधानमंत्री
-ग्रेटर नोएडा में 2027 में होगा वर्ल्ड स्किल्स एशिया प्रतियोगिता का आयोजन, एशिया के विभिन्न देशों के युवा दिखाएंगे कौशल
-आईआईटी की तरह आईटीआई के विद्यार्थियों को भी मिले सम्मान, हुनरमंद युवा ही विकसित भारत की असली ताकत: मोदी -एआई के दौर में भी कौशल रखने वाले युवाओं का रोजगार सुरक्षित, नए जमाने के 30 से अधिक ट्रेड आईटीआई में शुरू
- लोगों ने मेरी बात मानी, सोना कम खरीदा और लोगों के पैसे भी बचे: माेदी
-सुरक्षा का एहसास और समृद्धि का विश्वास ही बनाएगा विकसित भारत, यूपी में बेटियां रात 11 बजे भी लौट रहीं सुरक्षित घर
लखनऊ, 21 नवंबर(हि.स.)। “आपके सामने इस समय पूरा आसमान है। बड़े सपने देखिए, अपने कौशल का विकास करिए और अपने सपनों को पूरा करने के लिए पूरी ताकत लगा दीजिए। कभी यह महसूस मत कीजिए कि आप अकेले हैं। जब भी आपको लगेगा कि आप अकेले हैं, आप सोच लेना कि मैं आपके साथ खड़ा हूं।”
शनिवार काे लखनऊ में आयाेजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर से आए आईटीआई प्रशिक्षुओं को यह भरोसा दिलाते हुए उनके हुनर, परिश्रम और सामर्थ्य को विकसित भारत की सबसे बड़ी पूंजी बताया। उन्होंने कहा कि आईटीआई में सीखा गया कौशल केवल रोजगार पाने का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में सीधे भागीदारी का अवसर है। भारत का भविष्य युवाओं के हाथों और उनके हुनर से ही आकार लेने वाला है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आईआईटी और आईटीआई, दोनों ही उनके लिए देश की अमानत, सामर्थ्य और भविष्य हैं। पश्चिम बंगाल में आईआईटी खड़गपुर के 75 वर्ष पूरे होने के समारोह में शामिल होने के बाद उसी उत्साह से लखनऊ के आईटीआई प्रशिक्षुओं के बीच पहुंचने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आईटीआई के विद्यार्थियों को भी उतना ही सम्मान मिलना चाहिए, जितना आईआईटी के विद्यार्थियों को मिलता है। उन्होंने समाज में व्याप्त उस मानसिकता को बदलने का आह्वान किया, जिसमें आईटीआई में प्रवेश लेने वाले युवाओं को कमतर समझा जाता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि बड़ी कंपनियों में कुछ लोग भले ही कागजी प्रमाणपत्र लेकर काम करते हों, लेकिन उन कंपनियों को चलाने के लिए सैकड़ों कुशल तकनीकी कामगारों की आवश्यकता होती है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि करीब एक साल पहले देशवासियों से अपील की थी कि अगर जरूरत न हो तो एक साल तक सोना न खरीदें। उन्होंने दावा किया कि लोगों ने उनकी बात मानी और सोने की खरीदारी कम की। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के उस आह्रान का जिक्र किया,जिसमें शास्त्री जी ने देशवासियों से सप्ताह में एक दिन एक समय का भोजन छोड़ने की अपील की थी और लोगों ने उनकी बात मानी थी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश का चरित्र ऐसा ही है। मुझ जैसे एक सामान्य व्यक्ति के तौर पर उनकी अपील पर भी देशवासियों ने भरोसा किया और सोना कम खरीदा। उन्होंने कहा कि सोने के दाम गिर गए और लोग उनसे कह रहे हैं कि उनकी बात मानने से उनके पैसे बच गए।
भारत की परंपरा में रचा-बसा है कौशल का सम्मानभारत की समृद्ध कौशल परंपरा का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने लखनऊ की चिकनकारी, बनारस और कांचीवरम का रेशम, कश्मीर की पश्मीना, मलमल, कलमकारी, सूती वस्त्र, उत्कृष्ट धातु, कांच और पंचधातु की मूर्तिकला जैसे उदाहरण दिए। उन्होंने गुजरात की ‘वसवाया’ परंपरा का जिक्र करते हुए बताया कि गांव बसने के साथ ही वहां जीवन को संचालित करने वाले अलग-अलग हुनर के लोगों की भी बसावट होती थी। समाज की आवश्यकताओं को समझने के लिए उन्होंने गुजरात में अधिकारियों से सुबह जागने से लेकर रात सोने तक और जन्म से मृत्यु तक आवश्यक सेवाओं की सूची तैयार करने को कहा था। शुरुआत में 30-35 कार्यों की सूची आई, लेकिन विस्तार से विचार करने पर करीब एक हजार तरह के काम सामने आए। यही कौशल समाज को गतिशील बनाए रखते हैं।
आक्रांताओं ने भारतीय कारीगरों के हुनर को कमजोर कियाप्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आक्रांताओं ने भारतीय कारीगरों के हुनर को कमजोर करने के लिए उनके कौशल पर चोट की, जबकि अंग्रेजों ने मैकाले की शिक्षा व्यवस्था के माध्यम से कौशल आधारित परंपरा को पीछे धकेलकर कागजी क्लर्क तैयार करने वाली व्यवस्था को बढ़ावा दिया। आजादी के बाद भी डिग्री और प्रमाणपत्र को अधिक महत्व मिला तथा हाथ से काम करने वाले युवाओं को अपेक्षित सम्मान नहीं मिला। दादाजी धर्माधिकारी की पुस्तक में वर्णित एक प्रसंग सुनाते हुए उन्होंने कहा कि केवल पोस्ट ग्रेजुएट या गोल्ड मेडलिस्ट होना पर्याप्त नहीं, व्यक्ति को कोई काम आना भी चाहिए। अब समय बदल रहा है और आने वाले वर्षों में प्रमाणपत्रों से अधिक महत्व हुनर का होगा।
जिसके पास कौशल है, उसका रोजगार कोई नहीं छीन सकता प्रधानमंत्री ने दक्षिण कोरिया, दुबई, अबूधाबी, कतर और कुवैत के अपने दौरों का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां के शाही परिवार भारतीय कारीगरों के परिश्रम और कौशल की सराहना करते हैं। आधुनिक शहरों के निर्माण में भारतीय कामगारों का बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि आज अनेक देश भारत के साथ समझौतों में हर साल हजारों की संख्या में कुशल मानव संसाधन की मांग कर रहे हैं। दुनिया को आईटीआई से प्रशिक्षित हुनरमंद युवा चाहिए। भारत को विश्व की स्किल कैपिटल बनाने में यही युवा केंद्र में रहेंगे। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से रोजगार छिनने की आशंकाओं के बीच युवाओं को समझना होगा कि जिसके पास कौशल है, उसका रोजगार कोई नहीं छीन सकता।
एक दशक में पांच हजार नई आईटीआई, 30 से अधिक नए ट्रेड प्रधानमंत्री ने बताया कि वर्ष 2014 के बाद एक दशक में देश में लगभग पांच हजार नई आईटीआई स्थापित की गई हैं। आईटीआई में प्रशिक्षण लेने वाले विद्यार्थियों की संख्या पांच लाख से अधिक बढ़ी है और छात्राओं की संख्या ढाई गुना से अधिक हुई है। प्रशिक्षण की गुणवत्ता, फैकल्टी और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ आईटीआई में 30 से अधिक नए जमाने के ट्रेड शुरू किए गए हैं। इनमें एआई असिस्टेंट, साइबर सिक्योरिटी असिस्टेंट, ड्रोन टेक्नीशियन, ग्रीन हाइड्रोजन टेक्नीशियन, इंडस्ट्रियल रोबोटिक्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल, एनीमेशन एवं स्पेशल इफेक्ट और सेमीकंडक्टर टेक्नीशियन जैसे पाठ्यक्रम शामिल हैं। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति में भी कौशल विकास को विशेष महत्व दिया गया है। प्रधानमंत्री ने पीएम सेतु के तहत 60 हजार करोड़ रुपये के निवेश का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे।
प्लंबरों की कमी ने बताई हुनर की अहमियतप्रधानमंत्री ने रोजगार की संभावनाओं को समझाने के लिए पीएनजी कनेक्शन का उदाहरण दिया। पश्चिम एशिया में युद्ध और होर्मुज संकट के कारण गैस आपूर्ति को लेकर बनी अनिश्चितता के बीच सरकार ने शहरों में प्रतिदिन एक लाख पीएनजी कनेक्शन देने का लक्ष्य तय किया था। समीक्षा बैठकों में पता चला कि पर्याप्त संसाधन और धन उपलब्ध होने के बावजूद प्लंबरों की कमी के कारण लक्ष्य हासिल नहीं हो पा रहा था। उन्होंने कहा कि यह उदाहरण बताता है कि देश में कुशल कामगारों की कितनी बड़ी जरूरत है। सोलर पावर, स्पोर्ट्स इक्विपमेंट, फिटनेस और खेल उद्योग जैसे क्षेत्रों में भी युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तेजी से बढ़ रहे हैं।
ग्रेटर नोएडा में 2027 में होगा वर्ल्ड स्किल्स एशिया आयोजनप्रधानमंत्री ने घोषणा की कि वर्ष 2027 में भारत वर्ल्ड स्किल्स एशिया प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। इसका आयोजन उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में होगा, जहां एशिया के विभिन्न देशों के युवा अपनी कौशल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने इस आयोजन की मेजबानी के लिए उत्तर प्रदेश को अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
यूपी में बेटियां देर रात में भी सड़क पर सुरक्षितउत्तर प्रदेश की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने युवाओं के लिए अवसरों की कमी वाली पुरानी स्थिति को बदला है। आज प्रदेश एक्सप्रेसवे, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों, विश्वविद्यालयों, पर्यटन, मोबाइल विनिर्माण और सेमीकंडक्टर उद्योग के विस्तार के लिए जाना जा रहा है। ऑपरेशन सिंदूर में दुश्मन की नींद उड़ाने वाली ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण भी अब उत्तर प्रदेश में हो रहा है। इन परियोजनाओं से युवाओं के लिए रोजगार और कौशल आधारित अवसर बढ़ रहे हैं। उन्होंने काशी में एक फैक्ट्री के उद्घाटन के दौरान मिली उस युवती का उदाहरण दिया, जिसने बताया था कि वह रात 11 बजे भी काम खत्म कर सुरक्षित घर लौटती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि योगी सरकार ने प्रदेश में सुरक्षा का ऐसा वातावरण बनाया है, जहां बेटियां देर रात भी काम से घर लौटने में सुरक्षित महसूस कर रही हैं। सुरक्षा का एहसास और समृद्धि का विश्वास ही विकसित भारत का आधार बनेगा। उन्हाेंने कहा कि पहले यूपी में क्या हाेता था,सबकाे पता है।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने दी बधाई
दीक्षांत समारोह में भारत सरकार के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने सभी सम्मानित प्रशिक्षकाें को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह पहली बार दिल्ली से बाहर लखनऊ में आयोजित हो रहा है। यह उत्तर प्रदेश के लिए गौरव की बात है। इसके लिए उन्होंने केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई दी।
प्रदेश में 17 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया: मुख्यमंत्री
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी समेत सभी अतिथियों व युवाओं का अभिनंदन किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 17 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया और इनमें से सात लाख को नौकरी मिली। दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत ग्रामीण युवक-युवतियों को आवासीय सुविधा के साथ प्रशिक्षण देकर 1.23 लाख से अधिक को सीधे रोजगार उपलब्ध कराने में मदद की गई है। प्रोजेक्ट प्रवीण के माध्यम से 1700 से अधिक माध्यमिक विद्यालयों में 2.50 लाख से अधिक विद्यार्थी यह लाभ प्राप्त कर रहे हैं। उन्हाेंने बताया कि सफल उद्योग संचालन के लिए प्रदेश सरकार ने 150 से अधिक आईटीआई में टाटा टेक्नोलॉजी के साथ मिलकर इमर्जिंग टेक्नोलॉजी, एआई, रोबोटिक, ड्रोन टेक्नोलॉजी, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, थ्रीडी प्रिटिंग व इंडस्ट्री की मांग के अनुरूप ट्रेड विकसित करते हुए इन नए पाठ्यक्रमों को संचालित किया। 12 हजार से अधिक प्रशिक्षित युवा कैंपस सलेक्शन के माध्यम से अच्छा रोजगार प्राप्त कर रहे हैं।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह