प्रधानमंत्री मोदी ने चेन्नई में संगीतकार रमेश विनायकम और परिवार के सदस्यों से की मुलाकात

 


नई दिल्ली, 04 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में चुनाव प्रचार के दौरान शनिवार को संगीतकार, गायक और संगीत निर्देशक थिरु रमेश विनायकम और उनके परिवार से मुलाकात की।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा कि मुझे थिरु रमेश विनायकम और उनके परिवार से मिलने का अवसर मिला। रमेश एक संगीतकार हैं और उन्होंने अपना जीवन भारतीय संगीत को लोकप्रिय बनाने के लिए समर्पित कर दिया है। उन्होंने मुझे गमक बॉक्स नोटेशन सिस्टम बनाने के अपने काम की झलक दिखाई। भारतीय संगीत को विश्व स्तर पर ले जाने का यह एक अभिनव तरीका है!

उल्लेखनीय है कि चेन्नई के थिरु रमेश ने कर्नाटक और पश्चिमी शास्त्रीय संगीत का प्रशिक्षण लिया है। उन्होंने कई तमिल फिल्मों में संगीत रचना और गायन किया है। इसमें फिल्म 'फाइव स्टार' का लोकप्रिय गाना थिरु थिरुदा भी शामिल है। उन्हें विशेष रूप से उनके अभिनव 'गामक बॉक्स नोटेशन सिस्टम' के लिए जाना जाता है, जो भारतीय शास्त्रीय संगीत को पारंपरिक रूप से नोट करने का एक अनूठा तरीका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी