प्रधानमंत्री ने हरियाणा में पारदर्शी भर्ती व्यवस्था और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन की सराहना की

 


चंडीगढ़, 17 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा दौरे के दौरान राज्य सरकार की पारदर्शी भर्ती व्यवस्था, खिलाड़ियों को दिए जा रहे प्रोत्साहन और किसानों के हित में संचालित योजनाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि हरियाणा ने बिना खर्ची, बिना पर्ची के आधार पर सरकारी नौकरियां देकर नई पहचान बनाई है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हरियाणा में एक समय था जब नौकरियों की बोली लगती थी और क्षेत्रवाद हावी था लेकिन भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद इस व्यवस्था को बदला है। यह आसान काम नहीं था। आज हरियाणा की पहचान पारदर्शी तरीके से नौकरियां प्रदान करने वाले राज्य की बनी है। यह पिछले 12 वर्षों में संभव हुआ है।

प्रधानमंत्री ने हरियाणा के खिलाडिय़ों की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि आज हरियाणा सरकार खिलाडिय़ों को तैयारी से लेकर प्रदर्शन तक संरक्षण प्रदान कर रही है। खिलाडिय़ों को तैयारी करने के लिए भी सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि आस्ट्रेलिया तथा न्यूजीलैंड के साथ खिलाडिय़ों को आधुनिक ट्रेनिंग तथा खेल उपकरण उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए बातचीत हुई है। इसका सीधा लाभ हरियाणा प्रांत को मिलेगा। पिछले कुछ समय से स्पोर्ट्स रोजगार व कारोबार का माध्यम बना है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2030 में भारत में कॉमनवेल्थ खेलों का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा 2036 के ओलंपिक गेम्स भारत में हों इसके लिए भी केंद्र सरकार प्रयास कर रही है। हरियाणा ने अभी से 2036 की तैयारी शुरू कर दी है। यह सरकार की दूरदर्शिता का परिणाम है। प्रधानमंत्री ने आशा व्यक्त की कि हरियाणा के खिलाड़ी कॉमनवेल्थ और ओलंपिक में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे।

प्रधानमंत्री ने केंद्र तथा हरियाणा सरकार द्वारा किसानों को समृद्ध बनानेे के लिए शुरू की गई योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि हरियाणा देश का पहला ऐसा राज्य है जहां 24 फसलों की खरीद एमएसपी पर हो रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से हरियाणा के किसानों को अब तक आठ हजार करोड़ की राशि मिल चुकी है। जिसमें केवल जींद जिला के किसानों को 600 करोड़ मिले हैं। प्रधानमंत्री ने किसानों के हित में लागू की गई योजनाओं के लिए नायब सरकार की सराहना करते हुए कहा कि आज हरियाणा सरकार प्रदेश के हर वर्ग की वर्तमान ही नहीं भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर काम कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा