गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने की प्रेरणा देंगी: मोदी

 


नई दिल्ली, 23 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि विकसित भारत का संकल्प गुरुओं की प्रेरणा और उनके आदर्शों की शक्ति से ही पूरा हो सकता है। उन्होंने सिख परंपराओं और विरासत को प्रकाश पुंज बनाकर आगे बढ़ाने तथा गुरु साहिब की शिक्षाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को दिल्ली के लोक निवास में आयोजित शबद कीर्तन में हिस्सा लिया। इस अवसर पर दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, सिख समुदाय के संत-महात्मा, ज्ञानी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

प्रधानमंत्री ने गुरु नानक देव जी को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए देशवासियों को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस आयोजन में शामिल होने का अवसर देने के लिए उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गुरबाणी का प्रत्येक शब्द और कीर्तन की प्रत्येक धुन केवल संगीत नहीं है, बल्कि अपने आप में एक साधना है। यह ज्ञान के सागर में डुबकी लगाने जैसा अनुभव है। जब भी उन्हें ऐसे आयोजन में शामिल होने का अवसर मिलता है, वह संगत और कीर्तन में अवश्य उपस्थित होते हैं।

मोदी ने कहा कि गुरु नानक देव की शिक्षाओं में ‘किरत करो, वंड छको और नाम जपो’ का संदेश उनके जीवन का सहज हिस्सा रहा है। गुरुद्वारों में मत्था टेकना, गुरबाणी में डूबकर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त करना, सेवा का सुख लेना और लंगर छकना बचपन से उनके जीवन का हिस्सा रहा है। संगठन के कार्यकर्ता के रूप में भी यह सिलसिला निरंतर जारी रहा।

उन्होंने कहा कि उन्हें कई बार श्री हरमंदिर साहिब में मत्था टेकने का सौभाग्य मिला है। उन्होंने पंजाब में भी काफी समय बिताया है और वह समय उनके जीवन की सबसे खास स्मृतियों में शामिल है। गुरु कृपा से उन्हें सिख संतों की संगत का अवसर मिलता रहा है। प्रधानमंत्री आवास पर भी अनेक सिख संतों और ज्ञानियों की मेजबानी करने का सौभाग्य मिला है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित संतों और ज्ञानियों को नमन करते हुए सिख समुदाय के सभी लोगों का अभिनंदन किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस वर्ष गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के साथ एक और पवित्र स्मृति जुड़ी है। इस वर्ष श्री गुरु तेग बहादुर जी की शहादत के 350 वर्ष पूरे हो रहे हैं। दिल्ली की इसी धरती पर देश की पहचान, आस्था, विश्वास और मूल्यों की रक्षा के लिए गुरु साहिब ने अपना बलिदान दिया था। साढ़े तीन सौ वर्ष बीतने के बाद भी उनकी शहादत की प्रेरणा भारत की मिट्टी और देश के जन-जन में समाई हुई है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्र और उसकी संस्कृति के लिए सब कुछ न्योछावर करने का जज्बा पूरी सिख परंपरा का पर्याय रहा है। भाई मतीदास जी, भाई सतीदास जी और भाई दयाला जी की शहादत भी हमें इसी भावना की याद दिलाती है। स्वतंत्रता संग्राम में भी यह परंपरा निरंतर जारी रही। उन्होंने गुरुद्वारा सुधार आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सरदार तेजा सिंह समुंदरी को भी श्रद्धापूर्वक नमन किया और कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन सेवा के लिए समर्पित कर दिया था। इस वर्ष उनकी शहादत के 100 वर्ष पूरे हो रहे हैं।

मोदी ने कहा कि भारत ने सैकड़ों वर्षों तक गुलामी झेली, लेकिन कठिन दौर में भी हमारे गुरुओं ने देश की रक्षा की ज्योति जलाए रखी। आज जब देश के सामने विकसित भारत का बड़ा संकल्प है, तब यह यात्रा गुरुओं की प्रेरणा और उनके आदर्शों की शक्ति से ही पूरी हो सकती है। इसलिए सिख परंपराओं और सिखी की विरासत को प्रकाश पुंज बनाकर आगे रखना हम सभी का दायित्व है।

उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में सरकार ने पूरी आस्था के साथ इस दायित्व को निभाने का प्रयास किया है। गुरु गोबिंद सिंह का 350वां प्रकाश पर्व और गुरु नानक देव जी का 550वां प्रकाश पर्व देश और विदेशों में मनाया गया। इस दौरान स्मारक सिक्के और डाक टिकट जारी किए गए, विशेष रेलगाड़ियां चलाई गईं और देशभर में गुरबाणी के कार्यक्रम आयोजित किए गए। गुरु तेग बहादुर के 400वें प्रकाश पर्व पर लाल किले में राष्ट्रीय आयोजन किया गया था। इसी भावना के साथ इस समय उनकी 350वीं शहादत वर्षगांठ भी मनाई जा रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि एक महीने बाद 26 दिसंबर को देश वीर बाल दिवस मनाएगा। सरकार ने इस दिन को राष्ट्रीय स्तर पर मनाना शुरू किया है, ताकि वीर साहिबजादों की शहादत और माता गुजरी की संकल्प शक्ति, साहस एवं शौर्य की अमर गाथा देश की नई पीढ़ी तक पहुंचाई जा सके। बच्चे जब उस दौर की परिस्थितियों और साहिबजादों के बलिदान के बारे में जानेंगे, तो इससे उनके भीतर देश के प्रति समर्पण का भाव विकसित होगा।

मोदी ने कहा कि गुरुओं की विरासत और उनके गौरव को जन-जन तक पहुंचाने के प्रयास केवल भारत तक सीमित नहीं हैं। कुछ दिन पहले फिलीपींस यात्रा के दौरान उन्होंने वहां के सबसे पुराने गुरुद्वारों में शामिल खालसा दीवान गुरुद्वारे में भी मत्था टेका था। इस गुरुद्वारे के पुनर्विकास में भारत सरकार सहयोग कर रही है। हमारा प्रयास है कि गुरुओं का प्रकाश और उनकी शिक्षाएं जन-जन तक पहुंचें तथा उनके आशीर्वाद से भारत नई ऊंचाइयों को छुए।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सिख समुदाय की अरदास में ‘नानक नाम चढ़दी कला, तेरे भाणे सरबत दा भला’ का भाव निहित है। गुरबाणी से सभी की भलाई की सीख मिलती है और दूसरों का भला चाहने की सोच तभी विकसित होती है, जब हम सभी को अपना मानते हैं।

उन्होंने कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में संघर्ष जारी हैं और अनेक निर्दोष लोग तथा परिवार हिंसा एवं अशांति का सामना कर रहे हैं। ऐसे समय में दुनिया के हर हिस्से में शांति, प्रत्येक परिवार की सुरक्षा और हर व्यक्ति को सम्मान के साथ जीने का अवसर मिले, इसके लिए ‘सर्बत दा भला’ की भावना और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।

मोदी ने कहा कि गुरु साहिब की दी गई जीवन मूल्यों की सबसे बड़ी परीक्षा हमारे रोजमर्रा के जीवन में होती है। आज समाज के सामने नशे की समस्या एक बड़ी चुनौती है। जब कोई युवा नशे की गिरफ्त में आता है, तो उसके साथ पूरे परिवार के सपने बिखर जाते हैं।

उन्होंने कहा कि देश का हर युवा नशे से मुक्त होकर अपने सपनों को पूरा करे, खूब पढ़े, आगे बढ़े और अपने परिवार तथा देश का गौरव बढ़ाए। इस प्रयास में परिवारों की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। संगत, गुरुद्वारे और सामाजिक संस्थाएं मिलकर युवाओं को सही दिशा दे सकती हैं और उन्हें सही रास्ता चुनने का हौसला दे सकती हैं। प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि गुरु साहिब की कृपा और समाज के सामूहिक प्रयासों से नई पीढ़ी को सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य दिया जा सकेगा।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार