मप्र के जबलपुर के बरगी क्रूज हादसे पर प्रधानमंत्री ने जताया दुख, राहत राशि की घोषणा की
- मृतकों के परिजन को 2-2 लाख रुपये और घायलों को दी जाएगी 50-50 हजार रुपये की सहायताभोपाल, 01 मई (हि.स.) । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के बरगी में नर्मदा नदी पर क्रूज पलटने की दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस हादसे को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया 'एक्स' पर इस दुखद घटना में अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन प्रभावितों की हर संभव सहायता में जुटा हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से राहत राशि की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि हादसे में प्रत्येक मृतक के परिजन को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं घायल लोगों को 50-50 हजार रुपये आर्थिक सहायता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री ने लिया हालात का जायजा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को करीब 15 मिनट तक घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद एनडीआरएफ के जवानों से भी बातचीत की, जो कल रात से ही घटनास्थल पर लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे हुए हैं।
उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने भी जबलपुर पहुंचकर बरगी डैम पर हुए दर्दनाक हादसे के स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है और इससे प्रभावित परिवारों के दुख का अंदाजा लगाना भी कठिन है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ितों के साथ खड़ी है। उन्होंने प्रशासन को राहत कार्य में तेजी लाने और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में गुरुवार शाम करीब 5 बजे पर्यटन विभाग का एक क्रूज अचानक आयी तेज आंधी के चलते डूब गया। हादसे में अब तक 9 शव मिल चुके हैं। जबकि 29 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं, नौ से ज्यादा लोग अभी भी लापता हैं, बचाव दल की टीमें उनकी तलाश में जुटी हुई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत