प्रधानमंत्री मई में जा सकते हैं यूरोप की यात्रा पर
नई दिल्ली, 21 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अगले माह यूरोप के चार देशों—नॉर्वे, स्वीडन, नीदरलैंड और इटली की आधिकारिक यात्रा पर जाने की संभावना है जिस दौरान वह ओस्लो में भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन' में भाग लेंगे।
भारत-यूरोपीय संघ (ईयू) के बीच ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर हस्ताक्षर होने के बाद प्रधानमंत्री की यह पहली यूरोप यात्रा होगी।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री की यह चार-देशीय यात्रा 15 से 20 मई के बीच होने की संभावना है। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य नॉर्वे में आयोजित होने वाले 'भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री की भागीदारी होगी।
यात्रा के एजेंडा के बारे में सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री नॉर्वे में भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के अलावा नॉर्डिक देशों के प्रमुखों के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे जिनमें वह मुख्य रूप से द्विपक्षीय संबंधों, हरित ऊर्जा, समुद्री अर्थव्यवस्था और नवाचार पर चर्चा करेंगे।
सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री इसके साथ ही स्वीडन, नीदरलैंड और इटली का दौरा भी करेंगे। इन देशों के साथ रक्षा, उच्च प्रौद्योगिकी, व्यापार और निवेश के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के लागू होने के बाद यह दौरा यूरोपीय बाजार में भारतीय निर्यात को बढ़ावा देने और रणनीतिक साझीदारी को नई ऊंचाई पर ले जाने के उद्देश्य से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सूत्रों का कहना है कि इस यात्रा के दौरान कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर होने की भी उम्मीद है जो 'आत्मनिर्भर भारत' अभियान और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में भारत की भूमिका को और मजबूत करेंगे। विदेश मंत्रालय जल्द ही इस यात्रा के विस्तृत कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा कर सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन बुधौलिया