डॉ. डी.वाई. पाटिल के निधन पर प्रधानमंत्री मोदी ने जताया शोक
नई दिल्ली, 04 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पद्मश्री से सम्मानित शिक्षाविद, समाजसेवी तथा त्रिपुरा, बिहार और पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल डॉ. डी.वाई. पाटिल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
प्रधानमंत्री ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा, “डी.वाई. पाटिल परोपकार और विशेष रूप से शिक्षा के माध्यम से समाज की सेवा में अग्रणी रहे। उन्होंने हमेशा दूसरों, विशेषकर गरीबों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए कार्य किया।”
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश के साथ डॉ. पाटिल के साथ मुलाकात की एक पुरानी तस्वीर भी साझा की।
डॉ. डी.वाई. पाटिल का मंगलवार को महाराष्ट्र के कोल्हापुर में निधन हो गया। वह 91 वर्ष के थे। वह वरिष्ठ कांग्रेस नेता रहे और त्रिपुरा, बिहार तथा पश्चिम बंगाल के राज्यपाल के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। उन्होंने देशभर में 180 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना की, जिनमें एक लाख से अधिक विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार