प्रो बॉक्सिंग लीग का आगाज़, पहले मुकाबले में आंध्र वॉरियर्स और पंजाब फाइटर्स के बीच रोमांचक भिड़ंत
नई दिल्ली, 07 जुलाई (हि.स.)। इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन(आईएबीएफ) के तत्वावधान में आयोजित प्रो बॉक्सिंग लीग का रंगारंग शुभारंभ सोमवार को नई दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में हुआ। उद्घाटन समारोह के बाद लीग का पहला मुकाबला आंध्र वॉरियर्स और पंजाब फाइटर्स के बीच खेला गया, जिसमें खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचक मुक्केबाज़ी का शानदार अनुभव कराया।
इससे पहले दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। समारोह में सांसद जगदंबिका पाल, भाजपा के राष्ट्रीय सह-मीडिया प्रभारी संजय मयूख, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, विधायक अशोक गोयल देवराहा, पूर्व महापौर जयप्रकाश(जेपी) सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों के आकर्षक मार्च-पास्ट, 'मुक्का मार' थीम सॉन्ग पर प्रस्तुति तथा सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ ने पूरे स्टेडियम का माहौल उत्साह और देशभक्ति से भर दिया। चारों फ्रेंचाइज़ी टीमों के खिलाड़ियों ने निष्पक्ष खेल और खेल भावना की शपथ ली, जबकि रेफरी और जजों ने अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप मुकाबलों के संचालन का संकल्प लिया।
इस मौके पर आईएबीएफ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्र ने कहा कि प्रो बॉक्सिंग लीग का उद्देश्य देश में बॉक्सिंग को नई पहचान देना और 2036 ओलंपिक को ध्यान में रखते हुए नई प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करना है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का चयन पूरी तरह प्रतिभा और प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। उन्हें विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि यह लीग भारतीय बॉक्सिंग के लिए एक नए मॉडल की शुरुआत है।
सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि डॉ. राकेश मिश्र के नेतृत्व में कम समय में हजारों युवा मुक्केबाज़ों को मंच मिला है, जो भारतीय खेल जगत के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
उद्घाटन के बाद खेले गए पहले लीग मुकाबले में आंध्र वॉरियर्स और पंजाब फाइटर्स के मुक्केबाज़ों ने आक्रामक और तकनीकी खेल का शानदार प्रदर्शन किया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, जिस पर दर्शकों ने लगातार तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया।
प्रो. बॉक्सिंग लीग के मुकाबले 10 जुलाई तक प्रतिदिन सायं 4 बजे से रात्रि 10 बजे तक तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी