अकाली-भाजपा का पंजाब में किसानों के मुद्दे पर टूटा था 24 साल पुराना गठबंधन
- पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी व पूर्व सीएम बादल ने रखी थी गठबंधन की नींव
चंडीगढ़, 24 नवंबर (हि.स.)। पंजाब में शिरोमणि अकाली व भारतीय जनता पार्टी के छह साल बाद एक मंच पर आने से राज्य की राजनीति में सक्रियता बढ़ गई है। इससे पहले अकाली दल व भाजपा के बीच वर्ष 1996 से 2020 तक गठबंधन रहा था। उस समय गठबंधन की नींव के सूत्रधार पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, मुरली मनोहर जोशी, सुषमा स्वराज तथा प्रकाश सिंह बादल बने थे।
पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के राजनीति से हटकर उक्त नेताओं के साथ निजी संबंध भी थे, जिसके चलते 1996 में मोगा सम्मेलन के बाद अकाली-भाजपा गठबंधन पंजाब का सबसे मजबूत चुनावी समीकरण बना था। अकाली दल ग्रामीण और सिख क्षेत्रों में मजबूत था, जबकि भाजपा की पकड़ शहरी मतदाताओं में रही है। उस समय अकाली दल औसतन 94 और भाजपा 23 सीटों पर चुनाव लड़ती रही है। 1997 में इस गठबंधन को प्रचंड विजय मिली थी। तब अकाली दल ने 75 और भाजपा ने 18 सीटें जीती थी। 2007 में भी इस गठबंधन को जीत मिली थी। तब अकाली दल ने 49 और भाजपा ने 19 सीटें जीती थी। 2012 में लगातार दूसरी बार जीत हासिल कर इतिहास रचा था। उस समय अकाली दल ने 56 और भाजपा ने 12 सीटों पर जीत हासिल की थी।
अकाली दल केंद्र में एनडीए का हिस्सा रहा और अटल बिहारी वाजपेयी तथा नरेन्द्र मोदी की सरकारों में भी शामिल था। अकाली दल की इस पूरे दौर में भाजपा गठबंधन में लगातार छोटे साझेदार की भूमिका में रही। 17 सितंबर, 2020 को कृषि कानूनों के विरोध में हरसिमरत कौर बादल ने केंद्र की मोदी सरकार से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद 26 सितंबर को अकाली दल ने भाजपा से नाता तोड़ दिया। इससे करीब 24 साल पुराना औपचारिक गठबंधन समाप्त हो गया।
वर्ष 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में पंजाब की 117 सीटों में से अकाली दल 3 और भाजपा महज 2 सीटें ही जीत सकी थी। उसके बाद से ही दोनों दलों में गठबंधन को लेकर अटकलों का दौर शुरू हो चुका था।
इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव ने तस्वीर काफी हद तक बदल दी। भाजपा ने अकेले चुनाव लड़ते हुए भले ही कोई सीट नहीं जीती, पर उसका वोट फीसदी बढक़र 18.56 तक पहुंच गया। पहली बार पंजाब में भाजपा का वोट फीसदी अकाली दल से अधिक रहा। 2024 में भाजपा 18.56 फीसदी वोट के बावजूद एक भी लोकसभा सीट नहीं जीत पाई थी, जबकि अकाली दल 13.42 फीसदी वोट के साथ एक सीट जीत सका।
पिछला लोकसभा और विधानसभा चुनाव का परिणाम दिखाता है कि अकाली दल और भाजपा की संयुक्त ताकत करीब चालीस लाख वोट की है। इसकी तुलना आम आदमी पार्टी और कांग्रेस से की जाए, तो दिलचस्प तस्वीर बनती है। आप ने 2022 के विधानसभा चुनाव में 65.38 लाख वोट यानी 42 प्रतिशत के साथ 92 सीटें जीती थी। कांग्रेस को 35.76 लाख यानी 22.98 प्रतिशत वोट मिले थे, जबकि 2024 लोकसभा चुनाव में आप के वोट घटकर 35.43 लाख यानी 26.30 प्रतिशत रह गए, कांग्रेस के वोट 35.06 लाख यानी 26.02 प्रतिशत थे।
पंजाब में गठबंधन की स्थिति
वर्ष--अकाली दल--भाजपा
1997-- 75 18
2007-- 48 19
2012-- 68 56
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा