शरद पवार से मिले शिंदे, पवार किसानों को लेकर चिंतित
मुंबई, 06 नवंबर (हि.स.)। मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) के प्रमुख नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री शरद पवार से शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
शिंदे ने बताया कि पवार के साथ सातारा जिला और महाबलेश्वर के गांवों में पानी की समस्या और किसानों की स्थिति पर चर्चा हुई।
शिंदे ने बताया कि डॉक्टर ने भी उन्हें सूचना दी कि श्री पवार अब स्वस्थ हैं और चिंता की कोई बात नहीं है। शिंदे के अनुसार श्री पवार को अस्पताल से शनिवार को छुट्टी मिल सकती है।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में भर्ती होने के बावजूद श्री पवार ने किसानों की मौजूदा स्थिति और महाराष्ट्र के हालात को लेकर बातचीत की। उन्होंने कहा कि श्री पवार के साथ वे किसी राजनीतिक मुद्दे पर चर्चा करने नहीं आए थे।
उनका मकसद सिर्फ पवार के स्वास्थ्य की जानकारी लेना था।
गौरतलब है कि श्री पवार को 2 नवंबर को सीने में दर्द और सांस लेने में तकलीफ के कारण पुणे के रुबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया था। बुधवार को श्री पवार को रूबी अस्पताल से छुट्टी दिला कर, उसी दिन मुंबई ला कर पूर्ण रूप से स्वास्थ्य जांच के लिए ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार /राघवेन्द्र त्रिपाठी
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन बुधौलिया