संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने पर विपक्ष ने सरकार को घेरा

 




नई दिल्ली, 27 नवंबर (हि.स.)। संसद के आगामी विशेष सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को लेकर विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल, बीजू जनता दल और अन्य विपक्षी दलों के नेताओं ने आरोप लगाया है कि सरकार महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन के जरिए राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है। इससे लोकसभा में उत्तर और दक्षिण भारत के राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का अंतर बढ़ सकता है और लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। वहीं, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एससीपी) ने अपने सभी सांसदों को विशेष सत्र के दौरान सदन में उपस्थित रहने के लिए व्हिप जारी किया है।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि विनिर्माण क्षेत्र को गति देने में विफल मोदी सरकार अब लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत का कृत्रिम रास्ता तैयार करने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस इसका पूरी ताकत से विरोध करेगी। रमेश ने पार्टी की तीन मांगें दोहराईं। इनमें अगले 25 वर्षों तक लोकसभा की मौजूदा सदस्य संख्या और राज्यों के बीच सीटों का वर्तमान अनुपात बनाए रखना तथा 2029 के लोकसभा चुनाव से महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण देना शामिल है। उन्होंने अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की महिलाओं के लिए आरक्षण के भीतर आरक्षण की भी मांग की।

कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने पत्रकारों से कहा कि महिला आरक्षण विधेयक पहले ही सर्वसम्मति से पारित हो चुका है, लेकिन सरकार इसका इस्तेमाल परिसीमन लागू करने के बहाने के रूप में कर रही है। उन्होंने 850 सदस्यों वाली लोकसभा के विचार का विरोध करते हुए कहा कि इससे संसद की कार्यक्षमता प्रभावित होगी। सभी राज्यों की सीटें समान अनुपात में बढ़ाने के बावजूद उत्तर और दक्षिण के राज्यों के बीच सीटों की वास्तविक संख्या का अंतर बढ़ सकता है। परिसीमन के दौरान निर्वाचन क्षेत्रों का नए सिरे से निर्धारण सत्तारूढ़ दल के अनुकूल किया जा सकता है। चिदंबरम ने लोकसभा की सदस्य संख्या 543 पर बनाए रखने और इसी संख्या में महिलाओं को 181 सीटें देने की मांग की।

समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद राजीव राय ने कहा कि सरकार ने लोकतंत्र और संसद का मजाक बना दिया है। सरकार सात महीने बाद विशेष सत्र बुला रही है और इस दौरान खरीदो, तोड़ो और धमकाओ की राजनीति करती रही है। परिसीमन से उत्तर और दक्षिण भारत के बीच लोकसभा सीटों के प्रतिनिधित्व का अंतर और बढ़ सकता है। सपा के सलेमपुर के सांसद रामाशंकर राजभर ने भी विशेष सत्र बुलाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब शीतकालीन सत्र होना था तो तीन दिन के सत्र की जरूरत क्यों पड़ी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार देश को उत्तर और दक्षिण के आधार पर बांटने की कोशिश कर रही है।

राजद सांसद मनोज कुमार झा ने विशेष सत्र को लेकर सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मानसून सत्र अभी समाप्त हुए कुछ ही समय हुआ है और अब शीतकाल में विशेष सत्र बुलाया जा रहा है। उन्होंने इसे परिसीमन के बजाय लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश बताते हुए आरोप लगाया कि सरकार का उद्देश्य निर्वाचन क्षेत्रों का अपने अनुकूल पुनर्गठन करना है। उन्होंने असम में परिसीमन की प्रक्रिया का भी उल्लेख किया।

पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने कहा कि विशेष सत्र पहले बुलाया जाना चाहिए था। सरकार महिला आरक्षण के नाम पर राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ा रही है। परिसीमन जैसे विषय पर पूरे देश और कांग्रेस सहित सभी दलों से सहमति ली जानी चाहिए।

तृणमूल कांग्रेस के सांसद सौगत रॉय ने कहा कि उन्हें समाचार पत्रों और अन्य माध्यमों से जानकारी मिली है कि संसद का सत्र 30 नवंबर से शुरू होकर चार दिन चलेगा। इसमें परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयकों पर चर्चा हो सकती है। उन्होंने कहा कि आगे क्या होता है, यह देखना होगा।

बीजू जनता दल के सांसद संतृप्त मिश्रा ने कहा कि उनकी पार्टी हमेशा महिला आरक्षण की समर्थक रही है। महिला आरक्षण को 543 सदस्यों वाली मौजूदा लोकसभा में ही क्यों लागू नहीं किया जा सकता। ओडिशा की संसद में मौजूदा हिस्सेदारी सुरक्षित रहनी चाहिए। सरकार को इस विषय पर व्यापक विचार-विमर्श करना चाहिए था।

उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ने संसद के दोनों सदनों को फिर से बुलाने का निर्णय लिया है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से प्रस्तावित है। दोनों सदनों की बैठकें 3 दिसंबर तक चल सकती हैं। सरकार ने अभी तक सत्र के विस्तृत विधायी एजेंडे की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। इस पूरे विवाद का एक बड़ा पहलू राज्यों के बीच लोकसभा सीटों के बंटवारे का है। दक्षिण भारत के कई राज्यों का कहना है कि उन्होंने जनसंख्या नियंत्रण के क्षेत्र में बेहतर काम किया है। ऐसे में यदि भविष्य में केवल जनसंख्या के आधार पर सीटों का पुनर्निर्धारण किया गया तो उत्तर भारत के अधिक आबादी वाले राज्यों की सीटें तुलनात्मक रूप से ज्यादा बढ़ सकती हैं। इससे दक्षिणी राज्यों की संसद में मौजूदा हिस्सेदारी कम होने की आशंका है।

सरकार की ओर से पहले यह तर्क दिया गया था कि सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में समान अनुपात से बढ़ोतरी करने पर दक्षिणी राज्यों की कुल हिस्सेदारी सुरक्षित रह सकती है। हालांकि, विपक्षी दलों का कहना है कि केवल अनुपात बनाए रखना पर्याप्त नहीं है। सीटों की वास्तविक संख्या में अंतर बढ़ने से संसद में राज्यों का राजनीतिक प्रभाव भी बदल सकता है।

संसद ने सितंबर 2023 में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया था। इसके तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई सीटें आरक्षित करने का प्रावधान है। हालांकि, कानून के अनुसार इसका क्रियान्वयन अधिनियम लागू होने के बाद होने वाली पहली जनगणना के आंकड़े प्रकाशित होने और उसके बाद परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने से जुड़ा है। इसी वजह से महिला आरक्षण 2024 के लोकसभा चुनाव में लागू नहीं हो सका।

इस साल अप्रैल में सरकार ने संविधान (131वां संशोधन) विधेयक 2026 पेश किया था। इसके साथ परिसीमन और केंद्रशासित प्रदेशों से संबंधित विधेयक भी लाए जाने थे। प्रस्तावित संवैधानिक बदलाव में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 तक करने और परिसीमन के आधार पर महिला आरक्षण लागू करने का रास्ता बनाने की बात थी, लेकिन 17 अप्रैल को लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक आवश्यक दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर सका। मतदान में 528 सदस्यों ने हिस्सा लिया। विधेयक के पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े, जबकि इसे पारित कराने के लिए 352 मतों की जरूरत थी। इसके बाद सरकार ने इससे जुड़े अन्य विधेयक आगे नहीं बढ़ाए।

देश में लोकसभा की राज्यों के बीच सीटों की संख्या 1971 की जनगणना के आधार पर स्थिर रखी गई है। 1976 में 42वें संविधान संशोधन के जरिए इस पर रोक लगाई गई थी। बाद में 84वें संविधान संशोधन, 2001 के माध्यम से इस रोक को 2026 के बाद होने वाली पहली जनगणना के आंकड़े प्रकाशित होने तक बढ़ा दिया गया। निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं का पिछला परिसीमन 2001 की जनगणना के आधार पर हुआ था और आयोग के आदेश 2008 में लागू हुए थे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर