आईएसआई के दो आतंकी मॉड्यूल का खुलासा, पंजाब में रेलवे ट्रैक धमाके की साजिश रचने वाले गिरफ्तार

 


- रेलवे ट्रैक की निगरानी को लगाए थे सीसीटीवी, आईएसआई को

भेजी थी फुटेज

चंडीगढ़, 04 अगस्त (हि.स.)। पंजाब में अमृतसर पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के समर्थन

से संचालित दो आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस

कार्रवाई में 4 नाबालिगों समेत कुल 9 आरोपितों को पकड़ा गया है। इनके कब्जे से 3 अवैध पिस्तौल,

9 जिंदा कारतूस और पेट्रोल से भरी 4 बोतलें बरामद की गई हैं।

पंजाब पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपित विदेश में बैठे आईएसआई हैंडलरों के संपर्क

में थे और उनके निर्देश पर काम कर रहे थे। इन युवकों को आतंकी गतिविधियों

के लिए तैयार किया जा रहा था। उन्हें सुरक्षा प्रतिष्ठानों की रेकी करने, अवैध हथियार जुटाने और पंजाब में शांति एवं कानून व्यवस्था को प्रभावित

करने जैसे कार्य सौंपे गए थे। पुलिस को पता चला कि आरोपितों ने रेलवे ट्रैक के पास निगरानी के लिए सीसीटीवी

कैमरे लगाए थे। इन कैमरों से रिकॉर्ड की गई फुटेज कथित तौर पर विदेशी आईएसआई हैंडलरों को भेजी जा रही थी, ताकि संवेदनशील

गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

करीब एक

महीने पहले अमृतसर-दिल्ली रेलवे ट्रैक पर एक ओएचई (ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन) पोल पर

सीसीटीवी कैमरा मिला था। कैमरे को बिजली आपूर्ति देने के लिए वहां सोलर पैनल भी

लगाया गया था। जांच के दौरान पुलिस को कैमरे के सिम स्लॉट से एक सिम कार्ड मिला,

जो गुरदेव के नाम पर पंजीकृत था। इसके आधार पर पुलिस ने गुरदेव को

गिरफ्तार कर लिया।

अधिकारियों का कहना है कि अमृतसर के मोहकमपुरा, एयरपोर्ट

और सी-डिवीजन थाना में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। नेटवर्क के अन्य

सदस्यों की पहचान की जा रही है। साथ ही इसके आगे और पीछे जुड़े संपर्कों, फंडिंग

के स्रोत व विदेश से मिलने वाली आर्थिक मदद की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि क्या गिरफ्तार आरोपित किसी अन्य आतंकी साजिश या घटना में भी शामिल रहे हैं। अमृतसर कमिश्नरेट

पुलिस का कहना है कि राज्य की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी तत्व को बख्शा

नहीं जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा