पानीहाटी में गुटबाजी के चलते भाजपा कार्यकर्ता की मौत, विधायक ने उठाए कानून-व्यवस्था पर सवाल, मुख्यमंत्री से की हस्तक्षेप की मांग
कोलकाता, 15 नवंबर (हि.स.)। उत्तर 24 परगना जिले के पानीहाटी इलाके में एक बार फिर राजनीतिक अशांति और गुटबाजी का मामला सामने आया है। यहां बाजार में हो रहे एक विवाद को सुलझाने गए एक सक्रिय भाजपा कार्यकर्ता की मारपीट के बाद मौत हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय भाजपा विधायक रत्ना देबनाथ ने इलाके की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। मृतक कार्यकर्ता की पत्नी ने इस हमले के पीछे तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नए नेताओं और उनके समर्थकों को जिम्मेदार ठहराया है।
स्थानीय सूत्रों और पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम पानीहाटी-1 मंडल की भाजपा युवा मोर्चा इकाई के कुछ सदस्यों द्वारा एक व्यवसायी के साथ मारपीट की जा रही थी। इस घटना का भाजपा की पानीहाटी-1 मंडल की सचिव रूमा साहा ने विरोध किया। आरोप है कि इसके बाद उनकी ही पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं ने रूमा के साथ गाली-गलौज की। जब रूमा के पति और सक्रिय भाजपा कार्यकर्ता अरूप साहा ने अपनी पत्नी के अपमान का विरोध किया, तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। इस हमले में अरूप गंभीर रूप से घायल और अस्वस्थ हो गए। शनिवार रात उन्हें सागर दत्त मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रविवार सुबह इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
घटना का विस्तृत ब्योरा देते हुए मृतक की पत्नी रूमा साहा ने बताया कि शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे वह कांकीनारा पार्टी कार्यालय से घर लौट रही थीं। रास्ते में एक दुकान के सामने कुछ युवकों को झगड़ते देख उन्होंने बीच-बचाव किया और उन्हें घर जाने की सलाह दी। लेकिन कुछ देर बाद उन्हें दोबारा हंगामे की सूचना मिली, जिसके बाद वह अपने पति अरूप के साथ मौके पर पहुंचीं। रूमा का आरोप है कि वहां राजदीप, राजा तहसीलदार और सुरजीत विश्वास उर्फ नोनी सहित लगभग 40-50 युवक मौजूद थे। स्थिति को शांत करने के प्रयास के दौरान राजा और पायल उनकी तरफ आक्रामक होकर बढ़े। इसे देखकर जब अरूप ने विरोध किया, तो राजा तहसीलदार और अन्य युवकों ने उनके सीने पर जोर से धक्का मार दिया। रूमा का दावा है कि जब उन्होंने थाने में फोन किया, तो स्थानीय पुलिस अधिकारी (आईसी) ने उन्हें पुलिस आयुक्तालय (कमिश्नरेट) में फोन करने को कह दिया। घर लौटने के बाद अरूप की तबीयत तेजी से बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई।
इस घटना के बाद पानीहाटी में भारी तनाव फैल गया है। शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने पहुंचीं स्थानीय भाजपा विधायक रत्ना देबनाथ ने अपनी ही पार्टी के एक धड़े और प्रशासन पर जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने पार्टी के आंतरिक समन्वय पर सवाल उठाते हुए भाजपा के उत्तर कोलकाता उपनगरीय जिला अध्यक्ष चंडीचरण रॉय पर गंभीर आरोप लगाए। विधायक ने दावा किया कि जिला अध्यक्ष ने पानीहाटी के विभिन्न वार्डों में अपनी मर्जी से ऐसे संयोजक नियुक्त किए हैं, जिनमें से अधिकांश तृणमूल से भाजपा में आए हैं। विधायक का आरोप है कि चुनाव नतीजों के बाद पार्टी में आए इन नए लोगों को ज्यादा तरजीह दी जा रही है और यही लोग इलाके में अशांति फैला रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सभी 29 वार्डों में अलग-अलग लोग बैठाए गए हैं, जिनका जिला नेतृत्व के साथ कोई समन्वय नहीं है।
विधायक रत्ना देबनाथ ने स्थानीय प्रशासन की भूमिका पर भी असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इलाके में शांति बनाए रखने के लिए बार-बार प्रशासन को सूचित किया गया, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध करने वाला व्यक्ति चाहे तृणमूल का हो या भाजपा का, वह केवल एक अपराधी है और उसे कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए। विधायक ने बताया कि उन्होंने तीन-चार दिन पहले ही मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को पानीहाटी की बिगड़ती स्थिति से अवगत कराया था और मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार कदम भी उठाए थे। उन्होंने इस घटना में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। दूसरी ओर, इस पूरे विवाद पर भाजपा के दूसरे गुट ने कोई भी प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया है और समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं की है।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर