अंगदान की अलख जगाने वाले नीलेश मंडलेवाला पद्मश्री से सम्मानित
सूरत, 25 मई (हि.स.)। अंगदान जागरूकता के क्षेत्र में पिछले दो दशकों से लगातार कार्य कर रहे नीलेश मंडलेवाला को भारत सरकार ने देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान “पद्म श्री” से नवाजा है। “ऑर्गन मैन ऑफ इंडिया” के नाम से पहचान बनाने वाले और डोनेट लाइफ के संस्थापक नीलेश मंडलेवाला को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित पद्म पुरस्कार-2026 समारोह में सम्मानित किया।
इस मौके पर उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। समाज सेवा और अंगदान के क्षेत्र में उनके विशेष योगदान को देखते हुए भारत सरकार ने 26 जनवरी 2026 को उनके नाम की पद्मश्री पुरस्कार के लिए घोषणा की थी।
सम्मान प्राप्त करने के बाद भावुक हुए नीलेश मंडलेवाला ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका या उनकी संस्था का नहीं, बल्कि पूरे सूरत, गुजरात, सभी अंगदाताओं, उनके परिवारों और अंगदान अभियान से जुड़े हर व्यक्ति का सम्मान है। उन्होंने यह पुरस्कार अपने दिवंगत माता-पिता और भगवान द्वारकाधीश को समर्पित किया।
उन्होंने कहा कि अंगदान अभियान को सफल बनाने में सूरत और दक्षिण गुजरात के डॉक्टरों, अस्पतालों, सूरत सिटी पुलिस, एयरपोर्ट अथॉरिटी, सीआईएसएफ, फोरेंसिक विभाग, मीडिया और सामाजिक संगठनों का बड़ा योगदान रहा है। यह सम्मान उन्हें और अधिक जिम्मेदारी के साथ समाज में अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने की प्रेरणा देगा।
गौरतलब है कि नीलेश मंडलेवाला ने वर्ष 2005 में सूरत से अंगदान जागरूकता अभियान की शुरुआत की थी। शुरुआती दिनों में लोगों में जागरूकता की कमी के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। आईसीयू के बाहर घंटों खड़े रहकर वे ब्रेन-डेड मरीजों के परिजनों को अंगदान के लिए प्रेरित करते रहे।वर्ष 2014 में उन्होंने “डोनेट लाइफ” संस्था की स्थापना की। संस्था ने सेमिनार, वॉकथॉन, प्रदर्शनी, टीवी-रेडियो कार्यक्रम और सोशल मीडिया अभियानों के जरिए देशभर में अंगदान को लेकर व्यापक जागरूकता फैलाई। संस्था अब तक 10 करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंच बना चुकी है।
उनके प्रयासों से अब तक 1380 से अधिक अंग और टिश्यू दान किए जा चुके हैं, जिससे 1270 से अधिक लोगों को नया जीवन मिला है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे