राष्ट्रपति 23 जून को 65 प्रतिष्ठित लोगों को प्रदान करेंगी पद्म पुरस्कार

 


नई दिल्ली, 08 जून (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 23 जून को राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले दूसरे नागरिक अलंकरण समारोह में इस वर्ष के 65 प्रतिष्ठित लोगों को पद्म पुरस्कार प्रदान करेंगी।

राष्ट्रपति ने इससे पूर्व 25 मई को पहले नागरिक अलंकरण समारोह में 66 प्रतिष्ठित लोगों को पद्म पुरस्कार प्रदान किए थे। इनमें 2 पद्म विभूषण, 6 पद्म भूषण और 58 पद्मश्री पुरस्कार शामिल थे।

इस वर्ष राष्ट्रपति ने पांच पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री पुरस्कारों सहित कुल 131 पद्म पुरस्कारों को स्‍वीकृति दी थी। ये पुरस्कार प्रतिवर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर घोषित किए जाते हैं। ये प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान कला, सामाजिक कार्य, सार्वजनिक मामलों, विज्ञान और इंजीनियरिंग, व्यापार और उद्योग, चिकित्सा, साहित्य और शिक्षा, खेल और नागरिक सेवा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में दिए जाते हैं।

उल्लेखनीय है कि पद्म विभूषण असाधारण एवं विशिष्ट सेवा के लिए, पद्म भूषण उच्चकोटि की विशिष्ट सेवा के लिए और पद्मश्री किसी भी क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिए प्रदान किया जाता है। राष्ट्रपति भवन में होने वाला यह समारोह देश के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार