म्यांमार-थाईलैंड सीमा पर फंसे भारतीय, औवेसी ने उठाया मुद्दा

 


नई दिल्ली, 22 जनवरी (हि.स.)। रोज़गार के नाम पर धोखाधड़ी करके ले जाये गये 16 भारतीयों को थाईलैंड-म्यांमार सीमा पर किसी जगह बंधक बना कर बंधुआ मजदूरी कराये जाने का एक मामला प्रकाश में आया है।

ऑल इंडिया मजलिसे इत्तेहादुल मुस्लमीन (एआईएमआईएम) के नेता असद्दुदीन औवेसी ने गुरुवार को एक्स पर अपने हैंडल पर यह जानकारी दी और विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर ने अनुरोध किया है कि वह इस मामले में हस्तक्षेप करेंऔर सभी भारतीय नागरिकाें की वापसी सुनिश्चित करायें।

ओवैसी ने एक्स हैंडल पर लिखा कि उन्हें एक दुखद समाचार मिला है कि हैदराबाद के तीन व्यक्तियों सहित 16 भारतीय नागरिक म्यांमार-थाईलैंड सीमा पर किसी जगह कैद में है। इन्हें नौकरी का वादा देकर थाईलैंड ले जाने के बहाने यहां लाया गया था। वहां इनसे जबरन 18 से 20 घंटे काम कराया जा रहा है। उन्हें शारीरिक प्रताड़ना दी जा रही है। उनका पासपोर्ट और फोन छीन लिया गया है और मेडिकल सुविधाओं से उन्हें वंचित रखा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि उन्हें यह जानकारी सज्जाद अली से मिली है। वे उस्मान नगर, हैदराबाद के रहने वाले हैं। वे वर्तमान में म्यांमार-थाईलैंड सीमा में फंसे हुए हैं। उनके साथ अन्य दो मौला अली और बंजारा हिल्स के रहने वाले हैं।

ओवैसी ने विदेश मंत्री से हस्तक्षेप करने का अनुरोध करते हुए कहा, सभी भारतीयों को बचाने के लिए कृपया तुरंत दखल दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा