मकर द्वार पर विपक्ष का प्रदर्शन, 20 जुलाई की घटना पर गृहमंत्री से जवाबदेही की मांग
नई दिल्ली, 27 जुलाई (हि.स.)। संसद के मकर द्वार पर आज सुबह विपक्षी सांसदों ने 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर सीजेपी के नेतृत्व वाले छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर गृहमंत्री अमित शाह से जवाबदेही की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अगुवाई कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने की।
इस दौरान सांसदों ने नारेबाजी भी की। विपक्ष ने कहा कि छात्रों पर हुई बर्बरता के लिए गृहमंत्री सीधे तौर पर जिम्मेदार हैं और संसद में इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाया जाएगा। इससे पहले राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दफ्तर में इंडी गठबंधन के नेताओं की बैठक हुई। बैठक में राहुल गांधी, खरगे, प्रमोद तिवारी, सैयद नसीर हुसैन, केसी वेणुगोपाल, गौरव गोगोई, जयराम रमेश समेत तमाम नेता मौजूद रहे। बैठक में तय किया गया कि संसद के भीतर और बाहर छात्रों के मुद्दे को लगातार उठाया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि 20 जुलाई को सीजेपी के नेतृत्व में छात्रों ने संसद मार्च निकाला था। इस दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया, आंसू गैस के गोले छोड़े और कथित तौर पर पैलेट गन का इस्तेमाल किया। इस झड़प में 100 से अधिक छात्र और कई पुलिसकर्मी घायल हुए । इसके बाद से विपक्ष लगातार छात्रों के समर्थन में खड़ा है और सरकार पर दबाव बना रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर