ओमान तट के पास वाणिज्यिक पोत पर हमले में एक भारतीय नाविक की मौत, 19 बचाए गए: भारत
नई दिल्ली, 23 सितंबर (हि.स.)। भारत ने बुधवार को ओमान के पूर्वी तट के पास वाणिज्यिक पोत एमवी केप दाओ पर हुए हमले की कड़ी निंदा की। पोत पर सवार 20 भारतीय नाविकों में से 19 को बचा लिया गया, जबकि एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि भारत मृतक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है। ओमान में भारतीय दूतावास स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए है और भारतीय नाविकों की जल्द स्वदेश वापसी के लिए ओमानी अधिकारियों के साथ सक्रिय रूप से समन्वय कर रहा है।
भारत ने भारतीय नाविकों की मदद के लिए ओमानी अधिकारियों का आभार भी व्यक्त किया।
मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्र में वाणिज्यिक पोतों पर लगातार हो रहे हमलों की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। भारत ने तनाव कम करने और क्षेत्र में जल्द शांति बहाल करने के लिए संवाद और कूटनीति का आह्वान दोहराया।
बयान में कहा गया कि क्षेत्र में वाणिज्यिक पोतों, नाविकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया जाना बंद होना चाहिए तथा क्षेत्र के अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों से निर्बाध और मुक्त नौवहन एवं व्यापार जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार