लोक सभा अध्यक्ष तिरुवनंतपुरम में संसद तथा राज्य, संघ राज्य क्षेत्र पीएसी के सभापतियों के सम्मेलन का करेंगे उद्घाटन

 


नई दिल्ली, 01 नवंबर (हि.स.)। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मंगलवार को केरलम के तिरुवनंतपुरम में संसद तथा राज्य और संघ राज्य क्षेत्र विधानमंडलों की लोक लेखा समितियों (पीएसी) के सभापतियों के एक दिवसीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।

लोकसभा सचिवालय के अनुसार दो दिवसीय सम्मेलन में ‘लेखा परीक्षा, जवाबदेही एवं सुशासन –लोक लेखा समिति की उभरती भूमिका’ विषय पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा। सम्मेलन में सार्वजनिक व्यय की निगरानी, पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए लोक लेखा समितियों को मजबूत करने पर सार्थक चर्चा होगी।

सार्वजनिक व्यय की जांच करने तथा यह सुनिश्चित करने वाली कि जनधन का उपयोग विधायिका की मंशा एवं स्वीकृति के अनुरूप हो, लोक लेखा समितियां जवाबदेही और उत्तरदायी शासन के सिद्धांतों को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस सम्मेलन में सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन के क्षेत्र में उभरती चुनौतियों, लेखा परीक्षा के बदलते परिदृश्य तथा विधायी समीक्षा एवं निगरानी की प्रभावशीलता को और अधिक बढ़ाने की आवश्यकता पर रचनात्मक संवाद को प्रोत्साहन मिलने की अपेक्षा है।

सम्मेलन का समापन बुधवार, चार नवंबर को होगा। इस अवसर पर लोक सभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला समापन सत्र को संबोधित करेंगे। केरलम विधान सभा के अध्यक्ष तथा संसद की लोक लेखा समिति के सभापति भी समापन सत्र को संबोधित करेंगे। केरलम विधान सभा की उपाध्यक्ष स्वागत भाषण देंगी, जबकि केरलम विधान सभा की लोक लेखा समिति के सभापति धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करेंगे।

उद्घाटन सत्र में केरलम के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन, राज्य सभा के उपसभापति हरिवंश, केरलम विधान सभा के अध्यक्ष थिरुवनचूर राधाकृष्णन तथा केरलम विधान सभा की लोक लेखा समिति के सभापति के. एन. बालगोपाल उपस्थित रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी