ठेका प्रथा के विरोध में केन्द्र सरकार के अस्पतालों में नर्सों की हड़ताल
नई दिल्ली, 25 मई (हि.स.)। राजधानी में केन्द्र सरकार के तहत आने वाले चार बड़े अस्पतालों में ठेका प्रथा के विरोध में सोमवार को अखिल भारतीय सरकारी नर्सेज फेडरेशन ने दो घंटे के लिए काम काज ठप रखा। इन अस्पताल में सफदरजंग अस्पताल, आर एम एल अस्पताल, कलावती सरन और लेडी हार्डिंग अस्पताल शामिल है। संगठन का आरोप है कि सरकार ने इनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया, इसलिए आने वाले दिनों में भी दो घंटे काम काज ठप रखेंगे।
फिलहाल, नर्सों ने रोजाना सुबह 9 से 11 बजे तक (2 घंटे का कार्य बहिष्कार) हड़ताल का ऐलान किया है। आपातकालीन सेवाएं इस दौरान प्रभावित नहीं हो रही है। फेडरेशन ने सरकार से मांग की कि आउटसोर्सिंग की प्रथा को बंद कर एक स्पष्ट और नियमित भर्ती नीति लागू की जाए। नर्सों के इस संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो वे अपने इस आंदोलन को और तेज कर सकते हैं।
फेडरेशन का कहना है कि लेडी हॉर्डिंग मेडिकल कॉलेज सहित केंद्रीय अस्पतालों में नर्सिंग अधिकारियों की भर्ती को लेकर लंबे समय से असमंजस और असंतोष बना हुआ है।
फेडरेशन का आरोप है कि 2016 से आउटसोर्सिंग की प्रक्रिया बार-बार शुरू और बंद की जा रही है, जबकि पूर्व में अतिरिक्त सचिव ने इसे न करने का आश्वासन भी दिया था, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। लिहाजा नर्स को हड़ताल करने का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी