भारतीय रेलवे ने 3,548 एनटीपीसी स्नातक पदों पर भर्ती की शुरू

 

नई दिल्ली, 11 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय रेलवे में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने बड़ा अवसर प्रदान किया है। बोर्ड ने गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणियों (एनटीपीसी-स्नातक) के तहत केंद्रीकृत रोजगार अधिसूचना जारी कर 3,548 स्नातक-स्तरीय पदों की घोषणा की है। इन पदों के लिए 8 अक्टूबर से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जो 6 नवंबर 2026 तक जारी रहेगी।

रेलवे मंत्रालय के अनुसार इस भर्ती के जरिए ट्रेन संचालन, वाणिज्यिक सेवाओं, लेखा और प्रशासन से जुड़े चार प्रमुख पदों को भरा जाएगा। इनमें मालगाड़ी प्रबंधक के लिए 2,750 पद, वरिष्ठ क्लर्क सह टाइपिस्ट 371 पद, कनिष्ठ लेखा सहायक सह टाइपिस्ट 300 पद, मुख्य वाणिज्यिक सह टिकट पर्यवेक्षक के लिए 127 पद हैं। मूल वेतन के अतिरिक्त 7वें केंद्रीय वेतन आयोग के अनुसार निर्धारित भत्ते और सेवा लाभ भी लागू होंगे। आवेदक 6 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकता है और आवेदन शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि 8 नवंबर तक है। वहीं, आवेदन पत्र में सुधार या संशोधन के लिए 9 नवंबर से 18 नवंबर तक किया जा सकता है। उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री या उसके समकक्ष निर्धारित योग्यता होनी चाहिए। न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम 33 वर्ष निर्धारित की गई है। नियमानुसार आरक्षित श्रेणियों के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

चयन प्रक्रिया पूरी तरह से योग्यता-आधारित होगी, जिसे कई चरणों में पूरा किया जाएगा। इनमें प्रथम चरण में कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी-1),द्वितीय चरण में कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी-2), दस्तावेज सत्यापन एवं चिकित्सा परीक्षण, टाइपिंग टेस्ट में छूट और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए कई सुविधा उपलब्ध कराना शामिल है।

इसके अलावा, अभ्यर्थी विस्तृत अधिसूचना देखने और ऑनलाइन आवेदन करने के लिए केवल रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट का उपयोग कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी