नोएडा में सीएक्यूएम को 28 जगहों पर मिली धूल और निर्माण कार्यों के कूड़े के ढेर
नई दिल्ली, 09 मई (हि.स.)। राजधानी में प्रदूषण को रोकने के लिए गठित वायु प्रदूषण प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने नोएडा में “ऑपरेशन क्लीन एयर” के तहत विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। इस कार्रवाई में नोएडा की सड़कों पर धूल प्रदूषण और निर्माण एवं विध्वंस कचरे के कई मामले सामने आए।
सीएक्यूएम ने शनिवार को अपनी विज्ञप्ति में बताया कि आयोग
की 19 फ्लाइंग स्क्वॉड टीमों ने नोएडा अथॉरिटी के तहत आने वाली 46 सड़कों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान 28 जगहों पर भारी सड़क धूल और सीएंड डी वेस्ट जमा मिला। यह लापरवाही और नियमों की अनदेखी नोएडा के सेक्टर 20, 21, 59, 62, 80, 82, 83, 84, 87, 88, 138, 140, 141 और 145 में पाई गई।
आयोग ने बताया कि निरीक्षण में कई जगह नियमित सफाई, पानी के छिड़काव और कचरे के वैज्ञानिक निपटान में कमी भी सामने आई। इसके बाद आयोग ने नोएडा अथॉरिटी को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
आयोग ने कहा कि मशीनों से नियमित सफाई, पानी का छिड़काव और सीएंडडी वेस्ट का समय पर उठान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अवैध डंपिंग रोकने और निगरानी मजबूत करने के आदेश भी दिए गए हैं।
आयोग ने साफ चेतावनी दी है कि धूल नियंत्रण उपायों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आयोग के मुताबिक, सड़क की धूल शहरी प्रदूषण का बड़ा कारण बनी हुई है। इसी वजह से “ऑपरेशन क्लीन एयर” अभियान आगे भी पूरे दिल्ली-एनसीआर में जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी