नोएडा में शुरू हुआ अत्याधुनिक ‘आदर्श परीक्षा केंद्र’, निष्पक्ष व सुरक्षित परीक्षा व्यवस्था पर जोर

 


नई दिल्ली, 18 जुलाई (हि.स.)। परीक्षा प्रौद्योगिकी और सुरक्षा समाधान उपलब्ध कराने वाली इनोवेटिव्यू इंडिया लिमिटेड ने शनिवार को नोएडा के सेक्टर-80 में अत्याधुनिक आदर्श परीक्षा केंद्र का उद्घाटन किया। कंपनी का उद्देश्य देशभर में ऐसी मानकीकृत परीक्षा अवसंरचना विकसित करना है, जहां प्रत्येक अभ्यर्थी को समान, सुरक्षित और पारदर्शी परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि आदर्श परीक्षा केंद्र स्वयं किसी भी प्रकार की परीक्षा आयोजित नहीं करता, बल्कि विभिन्न परीक्षा एजेंसियों को सुरक्षित और तकनीक आधारित परीक्षा अवसंरचना उपलब्ध कराता है। परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसियां अपने सर्वर और तकनीकी टीम के साथ आती हैं, जबकि केंद्र की ओर से आवश्यक नेटवर्क केबलिंग और अन्य तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।

उन्होंने बताया कि देश में आयोजित परीक्षाओं को व्यापक रूप से दो श्रेणियों में बांटा जा सकता है। पहली श्रेणी में बोर्ड परीक्षाएं, जैसे कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं जबकि दूसरी श्रेणी में आईआईटी-जेईई, नीट, सीयूईटी और अन्य उच्चस्तरीय प्रतियोगी परीक्षाएं शामिल हैं। इन सभी परीक्षाओं के लिए सुरक्षित, एकरूप और मानकीकृत परीक्षा केंद्र विकसित करना कंपनी का लक्ष्य है।

कंपनी के अनुसार परीक्षा केंद्र पूरी तरह तकनीक आधारित एकीकृत सुरक्षा प्रणाली से लैस है। पूरे परिसर में कोई खुली वायरिंग नहीं है तथा प्रत्येक 250 से 500 कंप्यूटरों के लिए अलग सर्वर की व्यवस्था की गई है, जिससे परीक्षा संचालन सुरक्षित और निर्बाध बना रहे।

अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में कंपनी के ऐसे परीक्षा केंद्र दिल्ली-एनसीआर, बिहार और छत्तीसगढ़ में संचालित हो रहे हैं। भविष्य की योजना के तहत लगभग प्रत्येक 100 किलोमीटर की दूरी पर एक आदर्श परीक्षा केंद्र स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि अधिक से अधिक अभ्यर्थियों को अपने नजदीक मानकीकृत परीक्षा केंद्र उपलब्ध हो सके।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी