जल संरक्षण विकसित भारत की नींव, जनभागीदारी सबसे बड़ी ताकत : नितिन नवीन
नई दिल्ली, 02 सितंबर (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने जल संरक्षण और प्रभावी जल प्रबंधन की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जल शक्ति के क्षेत्र में जनभागीदारी विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को नई दिल्ली में आयोजित “जल मंथन–विकसित भारत जल शक्ति कार्यशाला” को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में जल संरक्षण और प्रभावी जल प्रबंधन की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि जल शक्ति के क्षेत्र में जनभागीदारी ही इस अभियान की सबसे बड़ी ताकत है।
बुधवार को नितिन नवीन ने अपने आवास पर भाजपा शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री, जल शक्ति मंत्रियों के साथ कार्यशाला में प्रदेशों में किये जा रहे अच्छे कार्यों को भी जाना। इस मौके पर जलशक्ति मंत्री सी आर पाटिल सहित भाजपा शासित प्रदेशों के 25 मंत्री मौजूद थे जिसमें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, उत्तरप्रदेश के मंत्री स्वतंत्र देव,दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा शामिल हैं।
अपने संबोधन में नितिन नवीन ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकार का नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने वर्षा जल संचयन, जल संसाधनों के संरक्षण और जल के विवेकपूर्ण उपयोग को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार जल सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर कार्य कर रही है। इन प्रयासों की सफलता तभी संभव है, जब आम नागरिक भी जल संरक्षण के अभियान से सक्रिय रूप से जुड़ें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी