मतदाता सूची लोकतंत्र का बहीखाता, शुद्धिकरण से कांग्रेस बेचैन: नितिन नवीन

 




नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) का समर्थन करते हुए कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र का बहीखाता है। जिस प्रकार व्यापारी दिवाली पर नया बहीखाता शुरू करते हैं और उसकी शुद्धता को महत्व देते हैं, उसी प्रकार लोकतंत्र में मतदाता सूची का साफ-सुथरा होना आवश्यक है। बुधवार को चांदनी चौक के गौरीशंकर मंदिर से टाउन हाल तक लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ पदयात्रा से पहले कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि 8 नवंबर को दिवाली है। इस अवसर पर व्यापारी भाई नया बहीखाता शुरू करते हैं। लोकतंत्र का बहीखाता मतदाता सूची है। जब इस सूची को साफ और शुद्ध करने का काम किया जाता है, तो कांग्रेस बेचैन होने लगती है।

नितिन नवीन ने साफतौर पर कहा कि लोकतंत्र का यह बहीखाता पूरी तरह शुद्ध होगा। योग्य नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जुड़ेंगे और घुसपैठियों के नाम हटाए जाएंगे।

कांग्रेस को आड़ेहाथों लेते हुए नितिन नवीन ने कहा कि कांग्रेस के तथाकथित नेता एक परिवार के कानून को देश का कानून बनाने और परिवार की इच्छा को देश की इच्छा मानने का प्रयास करते हैं। भारतीय लोकतंत्र की जड़ें इतनी मजबूत हैं कि आपने आपातकाल लगाकर भी देख लिया।

सत्ता में रहते हुए कांग्रेस ने देश में 90 से अधिक बार जनता द्वारा चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त करने का काम किया। लेकिन हर बार देश की जनता ने लोकतंत्र की आवाज उठाकर आपको जवाब दिया और सजा दी। फिर भी कांग्रेस कुछ सीखती नहीं।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सुरक्षित हाथों में है। जनता का विश्वास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ है, क्योंकि जनता को मालूम है कि देश की मिट्टी का लाल, इस देश का पुत्र, मोदी जी का परिवार 140 करोड़ जनता है। प्रधानमंत्री मोदी 140 करोड़ देशवासियों के सुख-दुख के साथी हैं।

लोकतंत्र की दुहाई देने वाले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, जो संविधान की प्रति लेकर चल रहे हैं, असल में उन्हें संविधान से कोई मतलब नहीं है।

राहुल गांधी और उनका परिवार जो कहता है, पूरी कांग्रेस वही मान लेती है, और यही वजह है कि कांग्रेस आज रसातल में जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेसी राहुल की बात मानते रहे तो, एक दिन कांग्रेस समाप्त हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि आज लोग तिरंगा लेकर निकल रहे हैं, कनॉट प्लेस पर तिरंगा फहराने की बात कर रहे हैं।

लेकिन हमें याद होना चाहिए कि कश्मीर के लाल चौक पर तिरंगा लहराने की बारी आई थी, तो हमारे कार्यकर्ताओं ने संघर्ष और बलिदान देकर तिरंगा लहराया था।

2011 में जब भाजपा ने तिरंगा यात्रा निकाली थी, उस समय लाल चौक पर पाकिस्तान के झंडे लहराते थे, तब दिल्ली में बैठी सरकारें मौन रहती थीं।

लेकिन आज पीएम मोदी के नेतृत्व में देश के कोने-कोने में तिरंगा लहरा रहा है।

इस देश में अराजकता का कोई स्थान नहीं हो सकता। हम विकास के लिए आगे बढ़ रहे हैं, हम देश की विरासत को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि

मोदी जी कहीं नहीं जाएंगे, 2029 में वे इसी लाल किले की प्राचीर पर फिर नजर आएंगे।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री एवं दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि कांग्रेस के अराजक आचरण के खिलाफ आज जनता भाजपा के साथ खड़ी है। चांदनी चौक के सभी व्यापारियों ने पदयात्रा का समर्थन किया।

हर्ष मल्होत्रा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें समझना चाहिए कि देश की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा-एनडीए को जनादेश दिया है। विपक्ष के अराजक व्यवहार से सत्ता परिवर्तन नहीं होने वाला है। उन्होंने कहा कि भारत में सत्ता परिवर्तन केवल मतदान के जरिए होता है और जनता ने वोट देकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को चुना है। इस पदयात्रा में दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली के मंत्री परवेश साहिब सिंह वर्मा, चांदनी चौक के सांसद प्रवीण खंडेलवाल, पूर्व सांसद रमेश वीधूड़ी सहित दिल्ली प्रदेश के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी