देश को अस्थिर करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं होगी- भाजपा

 


नई दिल्ली, 10 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल और विपक्षी गठबंधन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल लोकतांत्रिक जनादेश को स्वीकार करने के बजाय देश में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। नवीन ने कहा कि देश की 140 करोड़ जनता शांति और विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रही है, लेकिन विपक्ष को भारत की तरक्की और उन्नति रास नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि देश को अस्थिर करने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

नितिन नवीन ने शनिवार को दिए बयान में कहा कि देश में दो ऐसे राजनीतिक गुट सक्रिय हैं, जो अराजकता की प्रतिस्पर्धा में लगे हैं। एक गुट का नेतृत्व राहुल गांधी के नेतृत्व वाला विपक्षी गठबंधन कर रहा है, जबकि दूसरे गुट में अरविंद केजरीवाल के सहयोगी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जनता विपक्ष के इन प्रयासों को देख रही है और लोकतंत्र में जनादेश का सम्मान करना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है।

भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि देश को अस्थिर करने की कोशिशों के पीछे राजनीतिक उद्देश्यों के साथ विदेशी ताकतों का भी हाथ है। उन्होंने कहा कि भारत वैश्विक संकटों के बावजूद विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है और आत्मनिर्भर तथा सशक्त राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। विपक्ष को यह प्रगति स्वीकार नहीं हो रही है।

नवीन ने कहा कि भारत के लोकतंत्र और देशभक्त जनता की ताकत विपक्ष के ऐसे मंसूबों को सफल नहीं होने देगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि संविधान और लोकतंत्र के नाम पर झूठ फैलाकर जनादेश को चुनौती देना जनता का अपमान है। नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान देश को भय के माहौल से बाहर निकालने, आतंकवाद पर अंकुश लगाने और नक्सलवाद को समाप्त करने के प्रयास किए गए हैं। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग अब भी अर्बन नक्सल मानसिकता के जरिए देश को अस्थिर करने में लगे हैं।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और विपक्षी गठबंधन के नेताओं की भाषा तथा संवैधानिक संस्थाओं के प्रति उनका रवैया देश की जनता देख रही है। भारत का युवा संविधान, लोकतंत्र और भारतीय संस्कृति के प्रति प्रतिबद्ध है और वह इस तरह की राजनीति को स्वीकार नहीं करेगा। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि लगातार चुनावी हार से उपजी निराशा के कारण विपक्ष देश में तनाव का माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर ऐसी कोशिशों का जवाब देंगे।

नवीन ने भरोसा दिलाया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के विकास की गति बनाए रखने और जनता के विश्वास को मजबूत करने के लिए भाजपा प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि देश के भीतर या बाहर सक्रिय ऐसी सभी ताकतों से सख्ती से निपटा जाएगा, जो भारत की शांति, स्थिरता और विकास को बाधित करने का प्रयास करेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी