कनाडा के उच्चायुक्त ने भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की

 


नई दिल्ली, 19 सितंबर (हि.स.)। कनाडा के उच्चायुक्त क्रिस्टोफर कूटर ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से शनिवार को यहां पार्टी मुख्यालय में मुलाकात की। बैठक में दोनों देशों के बीच संबंधों और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

मुलाकात के बाद एक्स पर तस्वीरें साझा करते हुए

नितिन नवीन ने कहा कि कनाडाई उच्चायुक्त को भाजपा के संगठनात्मक ढांचे, जमीनी स्तर पर पार्टी की मौजूदगी और कार्यकर्ताओं, मोर्चों तथा विभागों की भूमिका के बारे में जानकारी दी। उन्होंने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि अभियान का फोकस जनसेवा, जनभागीदारी, विकसित भारत-2047, डिजिटल इकोसिस्टम और अंत्योदय पर है।

बैठक में भारत-कनाडा संबंधों में हाल के सकारात्मक बदलावों पर भी चर्चा हुई। कनाडाई उच्चायुक्त ने कुशल कार्यबल की आवाजाही, खनन एवं ऊर्जा, शिक्षा और महत्वपूर्ण खनिजों जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने दोनों देशों के बीच हाल में हुए आधिकारिक और क्षेत्रीय प्रतिनिधिमंडलों के आदान-प्रदान की जानकारी भी साझा की।

इस अवसर पर भाजपा के विदेश मामलों के विभाग के प्रभारी डॉ. विजय चौथाईवाले भी मौजूद रहे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी