भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने किया छठ घाटों का निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

 


-स्टीमर से नासरीगंज घाट से गाय घाट और कंगन घाट तक पहुंचे-अधिकारियों को समय पर इंतजाम पूरे करने के निर्देश

पटना, 10 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियों के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को पटना में गंगा किनारे स्थित विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने दीघा के नासरीगंज घाट से गाय घाट और कंगन घाट तक स्टीमर से भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

नितिन नवीन ने गंगा तट पर छठव्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए इंतजामों की समीक्षा की। उन्होंने घाटों की साफ-सफाई और समतलीकरण, सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग और वॉच टावर, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, पेयजल की उपलब्धता, रोशनी और निर्बाध बिजली आपूर्ति के साथ ही आपातकालीन चिकित्सा एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के बाद नितिन नवीन ने कहा कि छठ महापर्व बिहार की गहरी आस्था, संस्कृति और समृद्ध लोक परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। यह पर्व धार्मिक निष्ठा के साथ सामाजिक समरसता, अनुशासन और प्रकृति से जुड़ाव का संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि गंगा तट पर अर्घ्य देने आने वाले प्रत्येक छठव्रती को सुरक्षित, स्वच्छ और सहज वातावरण मिले, इसके लिए बिहार सरकार और आमजन मिलकर प्रयास कर रहे हैं।

भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि समय रहते सभी आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिए जाएं, जिससे कि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो और वे पूरे उल्लास एवं श्रद्धा के साथ महापर्व मना सकें।------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त