भाजपा के विशेष दीपावली मिलन समारोह में 50 देशों के राजनयिकों के शामिल होने की संभावना

 


नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शुक्रवार को भाजपा मुख्यालय में राजनयिक समुदाय के लिए विशेष दीपावली मिलन समारोह की मेजबानी करेंगे। इस कार्यक्रम में करीब 50 देशों के 90 से अधिक राजनयिक प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। इनमें विभिन्न देशों के मिशन प्रमुख, उप मिशन प्रमुख और वरिष्ठ राजनयिक शामिल होंगे। केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के भी कार्यक्रम में भाग लेने की संभावना है।

भाजपा के मुताबिक इस विशेष आयोजन का उद्देश्य भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और दीपावली के उत्सवी माहौल से अंतरराष्ट्रीय राजनयिक समुदाय को परिचित कराना है। इसके साथ ही विभिन्न देशों के बीच आपसी सद्भाव, मित्रता और जनस्तर पर संबंधों को और मजबूत करना भी कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है।

भाजपा के अनुसार समारोह में भारतीय संगीत और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम भी देखने को मिलेगा। इस अवसर पर वायलिन वादक नंदिनी शंकर और आईपैड के माध्यम से संगीत प्रस्तुत करने वाले महेश राघवन की विशेष प्रस्तुति ‘परंपरा और नवाचार’ आकर्षण का केंद्र रहेगी।

भाजपा मुख्यालय में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम भारत की सांस्कृतिक विविधता और उत्सवों की परंपरा को अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ साझा करने का अवसर होगा। साथ ही विभिन्न देशों के राजनयिक प्रतिनिधियों के साथ संवाद एवं आपसी सहयोग को प्रोत्साहित करने में भी इसकी अहम भूमिका रहेगी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी