भीषण गर्मी में नितिन व राहुल के दौरों से उत्तराखंड में बढ़ेगा सियासी तापमान
देहरादून, 27 मई (हि.स.)। देश के दूसरे हिस्सों की तरह उत्तराखंड में भी आसमान से आग बरस रही है। राज्य में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के दाैराें से प्रदेश का राजनीतिक तापमान भी बढ़ने वाला है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का तीन दिवसीय उत्तराखंड प्रवास 28 मई से शुरू होगा। इसके बाद 4 व 5 जून को राहुल गांधी राज्य में कई कार्यक्रमाें में हिस्सा लेंगे।
उत्तराखंड में अगले वर्ष हाेने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में विभिन्न राजनीतिक दल अपनी रणनीति बनाने में लगी हैं। राज्य में दिग्गजों के दौरों से एक बात साबित होने जा रही है। देवभूमि का वर्ष 2027 का चुनावी संग्राम रोचक होने वाला है।
उत्तराखंड जैसे अपेक्षाकृत छोटे राज्य को भी भाजपा ने अपनी शीर्ष प्राथमिकता में रखा है। मोदी-शाह के दौर में यह बात कई बार साबित हुई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने 12 वर्ष के कार्यकाल में जितनी बार उत्तराखंड आए हैं, उतनी बार कोई प्रधानमंत्री नहीं आया है। इसके अलावा, भाजपा के शीर्ष नेता उत्तराखंड में लगातार प्रवास करते रहे हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को अभी कार्यभार संभाले ज्यादा दिन नहीं हुए हैं, लेकिन उन्होंने उत्तराखंड का कार्यक्रम लगाने में जरा सी भी देरी नहीं की है।
अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन केे तीन दिवसीय उत्तराखंड प्रवास के कार्यक्रम से भाजपा कार्यकर्ताओं का मनोबल ऊंचा है। भव्य स्वागत की तैयारी है, हालांकि मितव्ययिता का संदेश देने का दबाव भी पार्टी पर है। इसके बावजूद, भाजपा अपने इस बडे़ कार्यक्रम के माध्यम से चुनाव को लेकर बड़ा संदेश देने की तैयारी में है। नितिन नवीन तीन दिन उत्तराखंड रहकर लगभग हर वर्ग को छूने का प्रयास करेंगे। पार्टी की तैयारियों की थाह लेंगे और कमजोर नब्ज दबाकर उसे दुरूस्त करने की कोशिश भी करेंगे।
राज्य में विधानसभा चुनाव काे देखते हुए कांग्रेस भी अपनी रणनीति बनाने में लगी है। राजनीति के जानकाराें का मानना है कि कांग्रेस इस बार भी चुनावी तैयारियों को लेकर भाजपा से काफी पीछे है। भले ही राष्ट्रीय नेताओं का बहुत ज्यादा उत्तराखंड आना-जाना नहीं हो पा रहा हो, लेकिन उसके स्थानीय नेता सक्रियता बढ़ा रहे हैं। कांग्रेस की तरफ से राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा भी तय हो गया। राहुल गांधी 4 व 5 जून को उत्तराखंड में रहेंगे। राहुल गांधी के इस दो दिवसीय कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस ज्यादा से ज्यादा वर्गों तक पहुंचने की कोशिश में है। इसलिए 4 जून को उनका एक कार्यक्रम कुमाऊं के अल्मोड़ा मेें है, तो दूसरा गढ़वाल के मंडल मुख्यालय पौड़ी में है। 5 जून को राहुल गांधी देहरादून में पार्टी के पदाधिकारियों के साथ संवाद करेंगे और चुनावी तैयारियों का जायजा लेंगे। राहुल के दौरे से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी उत्साह है। दोनों प्रमुख दलों के दिग्गजों के दौरे से उत्तराखंड में चुनावी माहौल में और गर्मी पैदा होना तय है।
हिन्दुस्थान समाचार / विपिन बनियाल