युवाओं की ऊर्जा, नवाचार और संकल्प से साकार होगा 'विकसित भारत' का सपना: नितिन नवीन

 






मेरठ, 21 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, नवाचार और संकल्प से देश की ‘विकसित भारत’ की यात्रा को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि देश के भविष्य का निर्माण करने वाली सबसे शक्तिशाली ताकत युवा ही हैं। आज का युवा भले ही ‘रील्स’ के दौर में जी रहा हो, लेकिन उसकी पसंद ‘रियल’ और यथार्थ है।

सोमवार को उत्तर प्रदेश के मेरठ स्थित सुभारती विश्वविद्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने युवाओं से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प से जुड़ने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

उन्होंने छात्र-छात्राओं को सफलता का मूलमंत्र बताते हुए कहा कि लक्ष्य, संकल्प, अध्ययन, अनुभव और धैर्य सफलता के प्रमुख आधार हैं। उन्होंने युवाओं को जीवन में शॉर्टकट से बचने की सलाह दी। उन्होंने युवाओं से अपनी दिनचर्या में योग और ध्यान को शामिल करने तथा समाज में फैल रही नशे की प्रवृत्ति के खिलाफ 15 अगस्त को शुरू हुए 'नशा-मुक्ति अभियान' से जुड़ने की अपील की। साथ ही, पर्यावरण संरक्षण के लिए 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान में भाग लेने का आग्रह किया।

भाजपा अध्यक्ष ने युवाओं में राष्ट्रप्रेम और समर्पण की भावना को मजबूत करने के लिए उत्तर प्रदेश में ‘सीमा दर्शन’ कार्यक्रम शुरू करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि जब युवा सीमा पर विपरीत परिस्थितियों में देश की रक्षा कर रहे सैनिकों को देखेंगे, तो उनके भीतर देश के प्रति समर्पण और राष्ट्रभावना और मजबूत होगी।

डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने मेरठ के बदलाव को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि मेरठ जिसे कभी आपराधिक गतिविधियों और माफियाओं का एक केंद्र माना जाता था, आज वह अपनी पुरानी छवि को पीछे छोड़ चुका है। डबल इंजन की सरकार में आज मेरठ खेल के सामान, विशेषकर क्रिकेट बैट और हॉकी स्टिक के निर्माण के लिए दुनिया भर में जाना जा रहा है।

नितिन नवीन ने कहा कि मोदी सरकार ने न केवल देश का इंफ्रास्ट्रक्चर बदला है, बल्कि देश की सोच भी बदली है। पिछले 10-12 वर्षों में हुए क्रांतिकारी बदलावों के आंकड़े पेश करते हुए उन्होंने बताया कि आज का युवा नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बन रहा है। देश में 2 लाख से अधिक स्टार्ट-अप और वैश्विक स्तर पर नेतृत्व कर रहे यूनिकॉर्न्स इसका जीवंत प्रमाण हैं।

उन्होंने कहा कि देश में 10 साल पहले मात्र 60 हजार मेडिकल सीटें थीं, जो आज बढ़कर 1.5 लाख से अधिक हो चुकी हैं। विश्वविद्यालयों की संख्या भी 400 से बढ़कर 1,100 के पार पहुंच गई है। कभी हर तकनीक के लिए आयात पर निर्भर रहने वाला भारत आज दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता देश है। रक्षा क्षेत्र में 'मेक इन इंडिया' के तहत 38 हजार करोड़ रुपये से अधिक के रक्षा उपकरणों का निर्यात किया जा रहा है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के मंत्र के साथ अंत्योदय के तहत आखिरी व्यक्ति तक लाभ पहुंचा रही है। आज देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 12 करोड़ माताओं-बहनों को शौचालय और 3 करोड़ महिलाओं को 'लखपति दीदी' बनाकर स्वावलंबी बनाने का अभूतपूर्व कार्य हो रहा है। उन्होंने अंत में सभी छात्रों से भारत के स्पेस, इनोवेशन और विकास की इस ऐतिहासिक यात्रा से जुड़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने युवाओं से संवाद करते हुए विकसित भारत निर्माण के लिए युवा शक्ति का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन