(अपडेट) मप्र के राजगढ़ जिले में नाले में ईको कार बही, नौ लोगों की मौत
राजगढ़, 10 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह तेज बारिश के बीच नाले के निर्माणाधीन पुल पर तेज बहाव में ईको कार बहने से ससुर-दामाद के परिवार के नौ लोगों की मौत हो गई जबकि दो लोगों ने तैरकर
अपनी बचा ली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताते हुए आर्थिक मदद का ऐलान किया है।
ग्राम पड़ाना चौकी क्षेत्र में बाइपास स्थित झिरी नाले के निर्माणाधीन पुल पर तेज बहाव में चालक ने ईको कार निकालने का प्रयास किया। इसमें कार पानी में बह गई। कार में कुल 11 लोग सवार थे। इनमें से नौ लोगों की डूबने से मौत हो गयी जबकि दो लोग अपनी
जान बचाने में कामयाब रहे।
पुलिस के अनुसार ईको कार में सवार परिवार देवास जिले के सतवास थाना क्षेत्र के ग्राम कड़लावद धाम जा रहा था। बताया गया कि शंकरसिंह की पत्नी सागरबाई लकवा की बीमारी से पीड़ित थीं। परिवार उन्हें झाड़फूंक कराने के लिए कड़लावद धाम ले जा रहा था। इसी दौरान तेज बारिश के कारण झिरी नाले में पानी का बहाव काफी बढ़ गया था। हादसे में विशाल (27) पुत्र शंकर सिंह चौहान निवासी ग्राम धांसड, शंकर सिंह (50) पुत्र सोहेबू चौहान, पूजा (25) पत्नी विशाल सिंह, सागरबाई (45) पत्नी शंकर सिंह चौहान, महक (2) पुत्री विशाल, वंशिका (3)पुत्री विशाल, रेणू पंवार (28) पत्नी होकम सिंह पंवार,जसप्रीत (5)पुत्री होकम सिंह और राजवीर (3) पुत्र होकम सिंह पंवार निवासी सतवास, जिला देवास की मौत हुई है। वहीं होकम सिंह (40) पुत्र नकल सिंह पंवार और मुकेश (40) पुत्र नानकराम ने तैरकर अपनी जान बचाई।
सूचना मिलते ही एसडीएम रोहित बम्होरे, एसडीओपी अरविंद सिंह और थाना प्रभारी राहुल रघुवंशी मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला। क्रेन की मदद से कार को भी नाले से बाहर निकाला गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताते हुए प्रत्येक मृतक के परिवार को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप पात्र मृतकों के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक