मुजफ्फरपुर एके-47 तस्करी मामले में फरार आरोपित गिरफ्तार, एनआईए ने हाजीपुर से पकड़ा

 


नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बिहार के मुजफ्फरपुर में एके-47 राइफल की तस्करी से जुड़े मामले में फरार आरोपित संदीप कुमार सिन्हा को गिरफ्तार किया है। उसे 29 अक्टूबर की रात वैशाली जिले के टाउन थाना क्षेत्र से पकड़ा गया। उसके कब्जे से एक नेक्सॉन कार, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और मेमोरी कार्ड जब्त किए गए हैं।

एनआईए के अनुसार, संदीप कुमार सिन्हा पर अन्य आरोपितों के साथ मिलकर नगालैंड से बिहार में प्रतिबंधित बोर के अत्याधुनिक हथियारों, खासकर एके-47 राइफलों की तस्करी की साजिश रचने का आरोप है। एजेंसी के मुताबिक, इस साजिश का उद्देश्य सार्वजनिक शांति और सुरक्षा को बाधित करने के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालना था।

यह मामला 7 मई 2024 को मुजफ्फरपुर के फकुली थाने में दर्ज प्राथमिकी से जुड़ा है। पुलिस ने फकुली थाना क्षेत्र के मुर्गठिया पुल के पास से एक लेंस और जिंदा कारतूस के साथ एके-47 राइफल बरामद की थी। इस मामले में हथियारों की तस्करी में शामिल 4 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया था। एनआईए ने 5 अगस्त 2024 को इस मामले की जांच अपने हाथ में ली थी।

जांच के बाद एनआईए ने पहली पूरक आरोपपत्र में विकास कुमार, सत्यम कुमार, देवमणि राय और अहमद अंसारी को आरोपित बनाया था। इनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत आरोपपत्र दाखिल किया गया। दूसरी पूरक आरोपपत्र मंजूर खान के खिलाफ और तीसरी पूरक आरोपपत्र कुंदन कुमार उर्फ कुंदन भगत के खिलाफ दाखिल की गई थी। इनमें शस्त्र अधिनियम और अन्य संबंधित कानूनों की धाराएं भी लगाई गई हैं।

एनआईए ने इससे पहले 19 अगस्त को भैरव त्रिपाठी और 22 अगस्त को करमुल्लाह को गिरफ्तार किया था। एजेंसी ने कहा कि मामले में आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर