सहारनपुर के पीएनबी करेंसी चेस्ट मामले में हरियाणा और हिमाचल प्रदेश से दो आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के उत्तर प्रदेश स्थित सहारनपुर करेंसी चेस्ट में जाली भारतीय नोटों की साजिश रचने वाले दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जांच एजेंसी के अनुसार एनआईए के अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए गत् 16 अक्टूबर को हरियाणा के अंबाला से अजय कुमार (पुत्र रमेश चंद) और 22 अक्टूबर को हिमाचल प्रदेश के मनाली से हरीश रौंटा (पुत्र देवी चंद रौंटा) को गिरफ्तार किया है। ये दोनों आरोपी भारी मात्रा में जाली भारतीय नोटों की अवैध छपाई और उनकी सप्लाई करने की साजिश के मुख्य सूत्रधार हैं।
जांच में यह बात सामने आई है कि ये आरोपी अन्य सह-आरोपियों के जरिए सहारनपुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक के करेंसी चेस्ट तक जाली नोट पहुंचाने में शामिल थे। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी इस हाई-प्रोफाइल मामले में पहले से ही गिरफ्त में आ चुके अन्य अभियुक्तों के बेहद करीबी सहयोगी बताए जा रहे हैं।
सहारनपुर जिले के सदर बाजार पुलिस स्टेशन को 29 अगस्त को सूचना मिली कि बैंक के करेंसी चेस्ट से 17.29 करोड़ रुपये (फेस वैल्यू) के जाली भारतीय नोट बरामद हुए हैं। इस मामले में बैंक के तीन कर्मचारियों की संलिप्तता सामने आने के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया था। जिसके बाद सदर बाजार थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 178 के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए 3 सितंबर को एनआईए ने इस केस को अपने हाथ में लेते हुए दोबारा प्राथमिकी दर्ज की। एनआईए इस मामले की तह तक जाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।
इससे पहले, एजेंसी ने सितंबर महीने में (7, 15, 20 और 22 तारीख को) प्राथमिकी में नामजद आरोपी अमित कुमार के अलावा मुख्य आरोपियों आदेश चौधरी, मुकेश कुमार, राजेंद्र और नीतू को भी गिरफ्तार किया था।
एनआईए के मुताबिक, इस रैकेट में शामिल अन्य सह-आरोपियों तथा संदिग्धों की धरपकड़ के लिए आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी