न्यायमूर्ति रामसुब्रमण्यम गुरुवार को करेंगे बंधुआ मजदूरी के उप्र के 216 मामलों की ऑनलाइन सुनवाई
नई दिल्ली, 13 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) के अध्यक्ष न्यायमूर्ति वी रामसुब्रमण्यम उत्तर प्रदेश के कई जिलों में ईंट भट्टों में कथित बंधुआ मजदूरी के 216 मामलों की सुनवाई 16 अप्रैल को दिल्ली स्थित अपने परिसर में करेंगे।
एनएचआरसी के अनुसार आयोग की यह पहल बंधुआ मजदूरी के उन्मूलन और मानवाधिकारों के संरक्षण के प्रति उसकी निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है। ऑनलाइन सुनवाई के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव या उनके नामित व्यक्ति, उत्तर प्रदेश के श्रम आयुक्त तथा सभी संबंधित जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) की उपस्थिति अनिवार्य है। सम्बन्धित अधिकारी बंधुआ मजदूरों की पहचान, उनकी तत्काल रिहाई, व्यापक पुनर्वास और ई-श्रम पोर्टल पर उनके पंजीकरण के संबंध में की गई कार्रवाई पर एक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
यह सुनवाई आयोग की ओर से प्राप्त शिकायतों और स्वतः संज्ञान के आधार पर की जा रही निरंतर निगरानी प्रक्रिया का एक हिस्सा है, ताकि समाज के सबसे वंचित वर्ग को न्याय सुनिश्चित किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी