मानवाधिकार आयोग ने य़ूपी के स्कूल में मिड डे मील नहीं मिलने का लिया संज्ञान

 


नई दिल्ली, 28 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के एक सरकारी स्कूल में कक्षा 6-8 तक के छात्रों को दो साल से दोपहर का भोजन (मिड डे मील) नहीं परोसे जाने के मामले का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट तलब किया है।

इस संदर्भ में प्रकाशित खबरों के मुताबिक, स्कूल में दोपहर का भोजन नहीं मिलने पर विद्यार्थियों ने अपनी शिकायत जिलाधिकारी को पत्र लिखकर की, जिसके बाद जांच में पता चला कि 200 विद्यार्थियों को नियमित रूप से भोजन परोसे जाने का झूठा रिकॉर्ड रखा जा रहा था। जांच में अनियमितताएं और लगभग 14 लाख रुपये के कथित गबन का पता चला, जिसमें रसोइयों को कम वेतन देना और प्रधानमंत्री पोषण अभियान के फंड का प्रधानाचार्य और अन्य अधिकारियों द्वारा दुरुपयोग करना शामिल है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी