मानवाधिकार आयोग ने कर्नाटक में छोटे बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार की घटनाओं का लिया संज्ञान

 


नई दिल्ली, 03 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने कर्नाटक के बेंगलुरु स्थित एक आईटी कंपनी के क्रेच में नैनी द्वारा छोटे बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार की कथित घटनाओं का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने राज्य मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।

प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यह घटना तब सामने आई जब 'चाइल्ड हेल्पलाइन' के एक अधिकारी को परिसर में काम करने वाले उन पेशेवर कर्मचारियों के बच्चों के साथ क्रूरता करते हुए वीडियो मिले, जो ड्यूटी के दौरान अपने बच्चों को वहां छोड़ देते हैं। वीडियो में कथित तौर पर दिखाया गया है कि नैनी छोटे बच्चों को वॉशिंग मशीन में डाल रही हैं, उनके मुंह में टॉयलेट जेट स्प्रे से पानी छिड़क रही हैं, उन्हें चुप कराने के लिए टॉयलेट के अंदर बंद कर रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी