मानवाधिकार आयोग ने कालबेलिया समुदाय के प्रदर्शन पर राजस्थान सरकार से मांगा जवाब
नई दिल्ली, 29 जनवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने बाड़मेर जिले में कालबेलिया समुदाय ने अंतिम संस्कार के लिए जमीन की मांग करते हुए शव सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने राजस्थान के मुख्य सचिव को नोटिस भेजकर दो सप्ताह के भीतर इस पूरे मामले पर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
मानवाधिकार आयोग की गुरुवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार आयोग ने 30 दिसंबर 2025 की उस खबर का स्वतः संज्ञान लिया है, जिसमें 29 दिसंबर 2025 को बाड़मेर जिले के प्रशासन की ओर से कालबेलिया समुदाय के लिए कोई भी दफन स्थल आवंटित नहीं किए जाने के बाद इस समुदाय ने शव को सड़क पर रखकर निर्धारित स्थान की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
खबरों के मुताबिक कालबेलिया, समुदाय नाथ परंपरा का पालन करता है जिसके तहत मृतकों को दफनाया जाता है, न कि उनका अंतिम संस्कार किया जाता है।
इससे पहले मई 2021 में, आयोग ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मृतकों की गरिमा बनाए रखने और उनके अधिकारों की रक्षा करने के संबंध में एक सलाह जारी की थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी