छठ गीतों की गूंज के साथ देश की पहली 'अमृत भारत 3.0' ट्रेन नई दिल्ली से पटना के लिए रवाना

 


नई दिल्ली, 12 नवंबर (हि.स.)। छठ महापर्व पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित सफर सुनिश्चित करने के लिए भारतीय रेलवे ने एक विशेष पहल की है। देश की पहली अत्याधुनिक 'अमृत भारत 3.0' ट्रेन को 11 नवंबर की मध्यरात्रि छठ पूजा स्पेशल ट्रेन के रूप में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से पटना के लिए रवाना किया गया।

ट्रेन के रवाना होने के दौरान नई दिल्ली रेलवे स्टेशन छठ के पारंपरिक लोकगीतों से गूंज उठा। स्टेशन पर उत्सव और भक्तिमय माहौल देखने को मिला। यात्रियों ने रेलवे की इस पहल का उत्साह के साथ स्वागत किया।

अमृत भारत 3.0 ट्रेन को खासतौर पर आम और मध्यम वर्ग के यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें आरामदायक सीटें, बेहतर सस्पेंशन, आधुनिक शौचालय और मोबाइल चार्जिंग पॉइंट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

यह ट्रेन आधुनिक पुश-पुल तकनीक से लैस है, जिससे बेहतर गति और आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा। ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को भी प्राथमिकता दी गई है।

छठ महापर्व के दौरान दिल्ली से बिहार जाने वाले यात्रियों की संख्या में भारी इजाफा होता है। ऐसे में इस विशेष ट्रेन के संचालन से यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा सुविधा मिलेगी और त्योहार के दौरान भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।

भारतीय रेलवे की इस पहल को छठ महापर्व पर बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी सौगात के रूप में देखा जा रहा है। रेलवे ने सभी यात्रियों को सुखद, सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी