नीट अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए उत्तर रेलवे चलाएगा छह विशेष ट्रेन
नई दिल्ली, 19 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) 2026 की पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए उत्तर रेलवे ने 21 जून को पंजाब के विभिन्न शहरों के बीच छह विशेष अनारक्षित परीक्षा स्पेशल रेलगाड़ियों के संचालन की घोषणा की है। इन विशेष ट्रेनों का संचालन अमृतसर, लुधियाना और फिरोजपुर कैंट के बीच किया जाएगा।
उत्तर रेलवे के अनुसार, अमृतसर-लुधियाना-अमृतसर मार्ग पर रेलगाड़ी संख्या 04666/04665 स्पेशल का संचालन 21 जून को दो फेरों में किया जाएगा। यह ट्रेन अमृतसर, ब्यास, जालंधर सिटी, फगवाड़ा और फिल्लौर होते हुए लुधियाना पहुंचेगी तथा वापसी में इसी मार्ग से अमृतसर लौटेगी।
इसी प्रकार रेलगाड़ी संख्या 04667/04668 लुधियाना-अमृतसर-लुधियाना स्पेशल भी 21 जून को दो फेरों में चलाई जाएगी। यह ट्रेन लुधियाना से चलकर फिल्लौर, फगवाड़ा, जालंधर सिटी और ब्यास स्टेशनों से होते हुए अमृतसर पहुंचेगी तथा वापसी में उसी मार्ग से लुधियाना लौटेगी।
इसके अलावा फिरोजपुर कैंट-लुधियाना-फिरोजपुर कैंट मार्ग पर रेलगाड़ी संख्या 04670/04669 स्पेशल का संचालन भी दो फेरों में किया जाएगा। यह ट्रेन फिरोजपुर कैंट, तलवंडी, मोगा, अजितवाल, जगराओं और मुल्लांपुर स्टेशनों पर ठहरते हुए लुधियाना पहुंचेगी तथा वापसी में इसी मार्ग से फिरोजपुर कैंट जाएगी।
उत्तर रेलवे ने अभ्यर्थियों और यात्रियों से इन विशेष ट्रेनों की सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, परीक्षा के दिन संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है ताकि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार