राजग बैठक में संकल्प- राष्ट्रसेवा और विकसित भारत के लिए नए जोश से काम रहेगा जारी

 


नई दिल्ली, 10 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और सरकार की उपलब्धियों की सराहना करते हुए एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक में राजग के सभी प्रमुख घटक दलों के नेताओं ने प्रस्ताव का समर्थन करते हुए गठबंधन की एकजुटता और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

प्रस्ताव का शीर्षक “जनकेंद्रित विकास, सहभागी लोकतंत्र और कार्य प्रदर्शन-उन्मुख शासन” रहा। इसमें कहा गया कि राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन भारत की जनता के निरंतर विश्वास और समर्थन के लिए हार्दिक आभार व्यक्त करता है। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और जनसेवा के प्रति अथक समर्पण के लिए उन्हें बधाई देता है। साथ ही, यह एनडीए के प्रत्येक घटक दल, प्रत्येक निर्वाचित प्रतिनिधि और प्रत्येक कार्यकर्ता के अमूल्य योगदान को भी स्वीकार करता है, जिन्होंने इस दृष्टिकोण को साकार करने में योगदान दिया। “नवनिर्मित प्रतिबद्धता और आत्मविश्वास के साथ, एनडीए विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में काम करना जारी रखने का संकल्प लेता है।”

प्रस्ताव आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने रखा। नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफिउ रियो ने प्रस्ताव का अनुमोदन किया। बैठक में केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने प्रस्ताव का पाठ किया। प्रस्ताव के समर्थन में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, केंद्रीय मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तथा केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने विचार रखे।

बैठक में पारित प्रस्ताव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए विकास, सुशासन, गरीब कल्याण, बुनियादी ढांचे के विस्तार, भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा तथा आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई गति मिलने का उल्लेख किया गया। नेताओं ने कहा कि मोदी सरकार ने पिछले वर्षों में देश को राजनीतिक स्थिरता, निर्णायक नेतृत्व और विकासोन्मुख शासन प्रदान किया है।

प्रस्ताव में कहा गया कि आज भारत आत्मविश्वास और सभ्यतागत पहचान की एक मजबूत भावना के साथ दुनिया के साथ जुड़ा हुआ है। 32 देशों ने प्रधानमंत्री मोदी को सर्वोच्च सम्मानों से नवाजा है। यह उनके नेतृत्व और प्रभाव की वैश्विक मान्यता को दर्शाता है। मानवता ने कोविड-19 जैसी सदी में कभी कभार आने वाली महामारी का सामना किया, तब भारत ने दुनिया को टीके और दवाएं उपलब्ध कराकर वैश्विक नेतृत्व का परिचय दिया।

प्रस्ताव में कहा गया, “राजग ने क्षेत्रीय आकांक्षाओं का राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के साथ सहजता से सामंजस्य स्थापित किया है और सहकारी संघवाद की भावना को संस्थागत रूप दिया है।.. भारत के लगभग तीन चौथाई भूभाग में इसकी सरकारें हैं।... राजग ने सत्ता समर्थक सरकार के युग की शुरुआत की है।...यह युवाओं और महिलाओं के रिकॉर्ड समर्थन के कारण संभव हुआ है, जिन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को मजबूत स्वीकृति दी है।”

राजग नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि गठबंधन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जनसेवा, सुशासन और विकास के एजेंडे को आगे बढ़ाता रहेगा। बैठक में सहयोगी दलों के नेताओं ने एक स्वर में कहा कि राष्ट्रीय विकास, सामाजिक समावेशन और भारत को वैश्विक स्तर पर मजबूत बनाने के लिए राजग पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा। प्रस्ताव के सर्वसम्मति से पारित होने को गठबंधन की एकता और नेतृत्व के प्रति विश्वास का महत्वपूर्ण संदेश माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा