राजग की 'मंगल मिलन' बैठक में संसदीय रणनीति पर मंथन, पीयूष गोयल और लल्लन सिंह ने दिया प्रेजेंटेशन

 


नई दिल्ली, 28 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग/एनडीए) संसदीय दल की साप्ताहिक 'मंगल मिलन' बैठक मंगलवार को संसद परिसर स्थित जीएमसी बालयोगी ऑडिटोरियम में आयोजित हुई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इस अवसर पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योगमंत्री पीयूष गोयल ने भारत के विभिन्न देशों के साथ किए गए मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) पर प्रस्तुति दी। इस बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने अपना संबोधन नहीं दिया।

सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में मुक्त व्यापार समझते से देश को होने वाले आर्थिक और व्यापारिक लाभों की जानकारी दी और बैठक में एक प्रस्ताव भी पढ़ा।

वहीं, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह 'लल्लन सिंह' ने मत्स्य पालन (फिशरीज) विभाग से जुड़ी योजनाओं, उपलब्धियों और इस क्षेत्र में हुए कार्यों पर प्रस्तुति दी।

बैठक के बाद सांसद मनोज तिवारी ने मीडिया को बताया कि फ्री ट्रेड के बारे में सांसदों को जानकारी दी गई। साल 2013- 2014 तक भारत पर भारी ड्यूटी लगा करती थी। लेकिन आज दुनिया के विकसित देश हमारे देश के साथ फ्री ट्रेड समझते के तहत व्यापार कर रहे हैं। दूसरी बात सभी सांसदों को आज जो शिक्षा संबंधी विधेयक आ रहा है उस पर जानकारी दी गई। उस पर भाग लेने की बात कही गई। बैठक में पहली बार नवगठित नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया को विशेष आमंत्रित के रूप में बुलाया गया। यह दल विपक्ष से अलग हुए 20 सांसदों से मिलकर बना है। बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्यमंत्री जेपी नड्डा, वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीयमंत्री अर्जुन राम मेघवाल, राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा, भाजपा सांसद निशिकांत दुबे सहित एनडीए के कई सांसद और नेता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी