राजग शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक 10 जून को, मोदी का होगा अभिनंदन

 


नई दिल्ली, 29 मई (हि.स.)। केंद्र में नरेन्द्र मोदी की सरकार के 12 साल पूरे होने पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों की बैठक 10 जून को आयोजित की गयी हैै। अशोका होटल में आयोजित होने वाली इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का अभिनंदन किया जाएगा। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और उनके कार्यकाल की उपलब्धियों की सराहना करते हुए विशेष प्रस्ताव भी पारित किया जाएगा।

पार्टी के सूत्रों ने बताया कि इस बैठक का उद्देश्य मोदी सरकार की 12 साल की सफलताओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए एक देशव्यापी अभियान की रूपरेखा तैयार करना है। बैठक की अध्यक्षता प्रधानमंत्री मोदी करेंगे। बैठक में गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा सहित सरकार के कई मंत्री मौजूद रहेंगे। बैठक में मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों, सुशासन, संगठनात्मक समन्वय और आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति पर चर्चा होगी। इसके साथ केंद्र की योजनाओं की समीक्षा, केंद्र-राज्य समन्वय को बेहतर बनाने पर भी चर्चा होगी।

उल्लेखनीय है कि मोदी ने 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लिया। उन्होंने प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष पूरे कर लिए। 2019 में दूसरी बार और 2024 में वे तीसरी बार प्रधानमंत्री बने। उन्होंने 9 जून 2024 को तीसरी बार शपथ ली। वर्ष 2014 में पहली बार शपथ लेने के बाद से उनका यह सफर बड़े और क्रांतिकारी फैसलों (जैसे अनुच्छेद 370, राम मंदिर निर्माण और जीएसटी लागू करना) और डिजिटल इंडिया, जन धन योजना और उज्ज्वला जैसी कल्याणकारी योजनाओं का साक्षी रहा है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी